वर्ल्ड

अब रोबोट ही बनाएंगे रोबोट! चीन की इस फैक्ट्री में हर 10 मिनट में तैयार हो रहा एक ह्यूमनॉइड

बीजिंग: चीन ने रोबोटिक्स और ऑटोमेशन की दुनिया में एक और बड़ा कदम उठाया है. यहां एक ऐसी फैक्ट्री शुरू की गई है, जहां रोबोट बनाने के काम में भी रोबोट और ऑटोमेटेड मशीनों का इस्तेमाल हो रहा है. चीन की रोबोटिक्स कंपनी UBTECH Robotics की इस फैक्ट्री में हर 10 मिनट में एक इंडस्ट्रियल ह्यूमनॉइड रोबोट तैयार करने की क्षमता है. खास बात यह है कि निर्माण से लेकर सामान पहुंचाने और तैयार रोबोट की जांच तक कई काम ऑटोमेटेड सिस्टम संभाल रहे हैं.

हर साल 10 हजार रोबोट बनाने की क्षमता

यह फैक्ट्री चीन के क्वांगशी झुआंग ऑटोनॉमस रीजन के लियाउझू में बनाई गई है. करीब 14,000 वर्ग मीटर में फैली इस फैक्ट्री की ऊंचाई 13.8 मीटर है. कंपनी के मुताबिक यहां हर साल लगभग 10,000 रोबोट तैयार किए जा सकते हैं.

प्लांट में मुख्य रूप से UBTECH के Walker S और Cruzr सीरीज के इंडस्ट्रियल ह्यूमनॉइड रोबोट बनाए जाते हैं. पूरी फैक्ट्री को UBTECH और Siemens Digital Industries Software ने मिलकर तैयार किया है.

‘स्मार्ट ब्रेन’ तय करता है फैक्ट्री में क्या और कैसे होगा

फैक्ट्री को एक डिजिटल सिस्टम से जोड़ा गया है, जिसे ‘स्मार्ट ब्रेन’ कहा गया है. यह सिस्टम उत्पादन से जुड़े कई कामों को मैनेज करता है. इसमें यह तय करना भी शामिल है कि क्या तैयार करना है, अलग-अलग पार्ट्स को कहां भेजना है और तैयार रोबोट की क्वालिटी कैसे जांचनी है.

हर रोबोट को एक अलग सीरियल नंबर दिया जाता है. इससे उसके निर्माण की पूरी प्रक्रिया को ट्रैक करना आसान हो जाता है.

रोबोट ही पहुंचा रहे हैं दूसरे रोबोट के पार्ट्स

इस फैक्ट्री में क्रूजर Y1 और क्रूजर S2 रोबोट का इस्तेमाल सामान उतारने, उसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाने, लोड करने और प्रोडक्शन एरिया तक पहुंचाने के लिए किया जाता है.

यानी जिस फैक्ट्री में ह्यूमनॉइड रोबोट तैयार हो रहे हैं, वहां कुछ रोबोट उन पार्ट्स को भी संभाल रहे हैं, जिनसे आगे नए रोबोट तैयार किए जाते हैं.

फैक्ट्री में सिर्फ ह्यूमनॉइड रोबोट ही काम नहीं कर रहे. यहां रोबोटिक आर्म्स, बिना ड्राइवर चलने वाले लॉजिस्टिक्स वाहन, पावर असिस्ट मशीन और घूमने वाली वर्क टेबल का भी इस्तेमाल किया जाता है. इसकी मदद से एक ही प्रोडक्शन लाइन पर अलग-अलग मॉडल के रोबोट बनाए जा सकते हैं.

डिलीवरी से पहले 4 घंटे से ज्यादा होती है रोबोट की टेस्टिंग

रोबोट तैयार होने के बाद उसे सीधे डिलीवरी के लिए नहीं भेजा जाता. कंपनी के मुताबिक हर ह्यूमनॉइड रोबोट को चार घंटे से ज्यादा समय तक पूरी मशीन की टेस्टिंग से गुजरना होता है.

इसके बाद 360 डिग्री विजुअल इंस्पेक्शन किया जाता है. इसमें रोबोट के अलग-अलग हिस्सों की जांच की जाती है, ताकि डिलीवरी से पहले उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके.

65 वर्ग मीटर के वेयरहाउस में रखे जा सकते हैं 112 रोबोट

फैक्ट्री में ऑटोमेशन का इस्तेमाल स्टोरेज तक किया गया है. कंपनी के अनुसार इसका ऑटोमेटेड वेयरहाउस सिर्फ 65 वर्ग मीटर जगह में 112 ह्यूमनॉइड रोबोट रखने की क्षमता रखता है.

ऑटोमेटेड गाइडेड व्हीकल और बिना ड्राइवर वाले फोर्कलिफ्ट रोबोट और उनके पार्ट्स को फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाते हैं. इससे उत्पादन प्रक्रिया में इंसानी हस्तक्षेप की जरूरत को कम करने की कोशिश की गई है.

चीन में तेजी से बढ़ रहा रोबोटिक्स का उत्पादन

यह फैक्ट्री ऐसे समय में शुरू हुई है, जब चीन में रोबोटिक्स इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है. चीन के नेशनल ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स के अनुसार जुलाई में देश में 98,677 इंडस्ट्रियल रोबोट बनाए गए. यह आंकड़ा एक साल पहले की तुलना में 30.2 प्रतिशत ज्यादा है.वहीं जनवरी से जुलाई के बीच चीन में 6,35,056 इंडस्ट्रियल रोबोट का उत्पादन हुआ, जो सालाना आधार पर 28.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी है.

vineet verma

Recent Posts

तीन बच्चों की मां को 25 साल की युवती से हुआ प्यार, पति और मायका छोड़ा… पुलिस के सामने बोली- अब उसी के साथ रहूंगी

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला के फैसले ने परिवार और पुलिस, दोनों…

15 minutes ago

दिल्ली से वैष्णो देवी जाना है तो कौन सा रास्ता रहेगा सही? ट्रेन, फ्लाइट या बस… ऐसे बनाएं आसान ट्रैवल प्लान

नई दिल्ली: नवरात्रि का त्योहार इस साल 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इस…

16 minutes ago