Trending News

लखनऊ अग्निकांड: 15 बच्चों की दर्दनाक मौत, बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार, 4 अधिकारी सस्पेंड; 7 दिन में रिपोर्ट देगी SIT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। तीन मंजिला इमारत में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे वहां संचालित एनीमेशन कोचिंग सेंटर में पढ़ रहे छात्र और अन्य लोग अंदर फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने ऊंचाई से छलांग लगाई, जबकि कई लोग पाइप और अन्य सहारों की मदद से नीचे उतरकर बाहर निकले। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकाला, लेकिन कई जिंदगियां नहीं बचाई जा सकीं।

15 लोगों की मौत, दो घायलों का इलाज जारी

घायलों को तत्काल इलाज के लिए केजीएमयू भेजा गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार 15 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था। एक छात्र की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है।

कुल 11 घायलों को भर्ती किया गया था, जिनमें से 9 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो मरीजों का उपचार अभी भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने रद्द किए सभी कार्यक्रम

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना निर्धारित हाथरस और आगरा दौरा रद्द कर दिया। मुख्यमंत्री आवास पर देर शाम उच्चस्तरीय बैठक कर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने, घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

2 सदस्यीय SIT करेगी पूरे मामले की जांच

सरकार ने हादसे की विस्तृत जांच के लिए दो सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। टीम में अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने SIT को सात दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। जांच में आग लगने के कारणों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी।

मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये सहायता

राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के समुचित इलाज और हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।

बिल्डिंग मालिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

अलीगंज थाने में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिल्डिंग मालिक रामकृष्ण उपाध्याय, एनीमेशन कोचिंग सेंटर संचालक तुषार कृष्णा जायसवाल और वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि अन्य संभावित जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे कार्रवाई जारी रहेगी।

चार अधिकारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज

प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद राज्य सरकार ने चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित अधिकारियों में एक्सईएन कलेक्शन जानकीपुरम गौरव कुमार, एफएसएसओ इंदिरानगर कमलेन्द्र कुमार सिंह, सहायक अभियंता अनिल कुमार और जूनियर इंजीनियर प्रमोद पांडे शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में गंभीर चूक की आशंका है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

फायर सेफ्टी व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि शुरुआती जांच में फायर सेफ्टी नियमों के पालन में गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

यह हादसा शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि भवन में आवश्यक अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

पूरे प्रदेश में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रदेशभर में शोक का माहौल है। राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।

 

vineet verma

Share
Published by
vineet verma
Tags: Aliganj Fire IncidentCoaching Centre AccidentCoaching Institute FireFire Accident UpdateFire Safety RulesKGMU Lucknowlucknow breaking newsLucknow Coaching Centre FireLucknow Coaching FireLucknow Fire TragedyLucknow NewsSIT InvestigationUp NewsUttar Pradesh Fire NewsYogi Adityanathअग्निकांड जांचअधिकारी सस्पेंडअलीगंज आग हादसाआग लगने की घटनाआग हादसा अपडेटउत्तर प्रदेश ताजा खबरउत्तर प्रदेश समाचारउत्तर प्रदेश हादसाएसआईटी जांचकेजीएमयू लखनऊकोचिंग अग्निकांडकोचिंग संस्थान आगकोचिंग सेंटर फायरकोचिंग सेंटर हादसाताज़ा समाचारदुखद हादसाफायर ब्रिगेडफायर सेफ्टी नियमबच्चों की मौतबिल्डिंग मालिक गिरफ्तारयूपी न्यूजयूपी ब्रेकिंग न्यूजयोगी आदित्यनाथराजधानी लखनऊराष्ट्रीय समाचारराहत बचाव अभियानलखनऊ अग्निकांडलखनऊ अपडेटलखनऊ कोचिंग सेंटर आगलखनऊ दुर्घटनालखनऊ न्यूज़लखनऊ फायर अपडेटलखनऊ ब्रेकिंग न्यूज़लखनऊ हादसासुरक्षा मानकों में लापरवाहीहिंदी न्यूज़

Recent Posts

संसद का ‘अंतिम हफ्ता’: FCRA और परिसीमन बिल पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने, कांग्रेस ने जारी किया 3 दिनों का व्हिप

नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र का तीसरा सप्ताह सरकार और विपक्ष के बीच भारी…

13 hours ago

RSS-Gen Z संवाद पर राज ठाकरे का बड़ा हमला: “मोहन भागवत ने देर कर दी, BJP की अंदरूनी कलह से भड़का NEET का गुस्सा”

नासिक। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के…

13 hours ago

विजय-संगीता तलाक विवाद पर विराम: याचिका वापस, CM विजय की पर्सनल लाइफ पर उठे सवाल थमे

तृषा संग नाम जुड़ने की अटकलों के बीच बड़ा मोड़, चेंगलपट्टू कोर्ट में मामला बंद;…

13 hours ago

सैटेलाइट इंटरनेट का मैदान और भारत का नया ‘रेगुलेटरी शील्ड’! स्टारलिंक-कुइपर की राह क्या होगी अब आसान

आसमान से हाई-स्पीड इंटरनेट देने की रेस अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुकी…

14 hours ago

परिसीमन पर सियासी संग्राम: महिला आरक्षण से जोड़ने पर केंद्र घिरा, डीएमके ने सख्त रुख दोहराया

केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन विधेयक को दोबारा लाने के संकेत मिलते ही देश…

14 hours ago