बिहार में एक तरफ दोनों गठबंधन शीट शेयरिंग के पेंच से निकल नहीं पा रहे हैं वहीं जन सुराज पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी है. जन सुराज पार्टी ने 66 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है. ये ऐलान पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया, जहां उन्होंने टिकट वितरण को लेकर उठे सवालों पर भी स्पष्ट जवाब दिया.
चुनावी तैयारी नहीं, मिशन है: PK
प्रशांत किशोर ने कहा, “हम सिर्फ़ चुनाव नहीं लड़ रहे, हम बिहार में राजनीति की संस्कृति बदलने उतरे हैं.” जन सुराज ने पहली लिस्ट में 51 उम्मीदवार घोषित किए थे, जिनमें सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी गई थी. अब दूसरी सूची में 66 नए चेहरों को मौका मिला है. यानि कुल मिलाकर अब तक 117 सीटों पर जन सुराज अपने दावेदारो को उतार चुकी है.

टिकट न मिलने वालों के लिए है ‘सिस्टम’ तैयार
इस लिस्ट से बाहर रह गए कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर PK ने कहा कि ‘हर व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकता. जो नहीं लड़ रहे, उनकी जिम्मेदारी पार्टी में कहीं और तय की जाएगी. टिकट का मतलब पार्टी का हिस्सा होना नहीं है’. यानी, जन सुराज पार्टी ने संकेत दिया है कि जो लोग टिकट की दौड़ में बाहर रह गए हैं, उन्हें संगठन, प्रचार या रणनीतिक जिम्मेदारी दी जाएगी. ताकि उनका अनुभव और योगदान बर्बाद न हो.
हालांकि इस लिस्ट में कोई बहुत बड़ा चर्चित नाम नहीं जोड़ा गया, लेकिन यह जरूर दिखाया है. कि स्थानीय ज़मीन से जुड़े चेहरे, शिक्षित उम्मीदवार और जनप्रिय एक्टिविस्ट्स को प्रमुखता दी गई है.
PK की उम्मीदवारी पर सस्पेंस बरकरार ?
सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है की क्या प्रशांत किशोर खुद रघोपुर सीट से तेजस्वी यादव के खिलाफ मैदान में उतरेंगे? अभी तक दूसरी लिस्ट में भी PK का नाम नहीं आया है, लेकिन उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से बचते हुए कहा कि “सही वक्त आने पर फैसला लिया जाएगा”. पीके के बयानों पर ये चर्चा हो रही है कि वो राघोपुर से तेजस्वी के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं. लेकिन दूसरी लिस्ट में भी नाम नहीं होने से ये सस्पेंस बना हुआ है.