Trending News

मेरठ में कांवड़ियों के दो गुटों में बवाल, पुलिस के सामने जिप्सी से खींचकर युवक की पिटाई; वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

मेरठ: मेरठ में दिल्ली-दून हाईवे के कांवड़ मार्ग पर मंगलवार देर रात कांवड़ियों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। बाइक टकराने के बाद शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन गुस्साई भीड़ ने पुलिस जिप्सी में बैठे एक कांवड़िए को बाहर निकालकर लाठी-डंडों और थप्पड़ों से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

बाइक टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना 3 अगस्त की रात करीब ढाई बजे मेरठ दौराला क्षेत्र में दिल्ली-दून हाईवे के कांवड़ मार्ग पर हुई। नोएडा निवासी सोनू अपने साथी गुड्डू के साथ बाइक से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहा था। इसी दौरान सामने से हरिद्वार से लौट रहे एक अन्य कांवड़िए की बाइक से उनकी बाइक टकरा गई।

बाइक भिड़ने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच रास्ते से गुजर रहे कुछ अन्य कांवड़िए भी वहां पहुंच गए और विवाद में शामिल हो गए। देखते ही देखते सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के सामने जिप्सी से निकालकर की गई पिटाई

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी सादी वर्दी में मौके पर पहुंचे और भीड़ से बचाने के लिए सोनू और गुड्डू को पुलिस जिप्सी में बैठा लिया। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ कांवड़िए उग्र हो गए।

आरोप है कि भीड़ ने पुलिस जिप्सी को घेर लिया और उसमें बैठे एक व्यक्ति को बाहर खींच लिया। इसके बाद उसके साथ लाठी-डंडों, थप्पड़ों और लातों से मारपीट की गई। वहीं दूसरे व्यक्ति के साथ भी जिप्सी के अंदर मारपीट की गई।

पुलिस के अनुसार, जिप्सी में मौजूद किसी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट नहीं हुई है। घटना में एक पुलिसकर्मी के हाथ और कंधे पर चोट आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों का मेडिकल कराया है।

वायरल वीडियो पर पुलिस ने दी सफाई

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने वायरल वीडियो को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों को जिप्सी से निकालकर पीटा, जबकि यह दावा गलत है।

एसएसपी के मुताबिक, वीडियो में जिन लोगों को जिप्सी से बाहर निकालकर पीटा जा रहा है, वे कांवड़िए सोनू और गुड्डू हैं। बाइक टकराने के बाद कांवड़ खंडित होने की बात को लेकर विवाद बढ़ा था, जिसके बाद मारपीट हुई।

हंगामा करने वालों पर कार्रवाई शुरू

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों को मौके से हटाकर स्थिति नियंत्रित की गई। फिलहाल मामले में हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मेरठ एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि दो कांवड़ियों की बाइक टकराने के बाद विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों की पिटाई से जुड़ा जो दावा किया जा रहा है, वह भ्रामक है। पुलिस ने किसी भी कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना से इनकार किया है।

vineet verma

Recent Posts

खुशखबरी के बाद पहली बार लाइमलाइट में आए दीपिका-रणवीर, बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचे सिद्धिविनायक मंदिर!

गणेश चतुर्थी के पावन पर्व और जीवन के सबसे खूबसूरत पड़ाव पर, बॉलीवुड के पावर…

5 hours ago

Pakistan Blast: कोहाट में नमाज के दौरान जोरदार धमाका, 15 की मौत; 25 घायल अस्पताल पहुंचे

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार की नमाज के दौरान बड़ा धमाका…

7 hours ago

ग्रीन पार्क में यूपीसीए अंपायर्स परीक्षा का अंतिम चरण संपन्न: पूर्व इंटरनेशनल अंपायर अनिल चौधरी ने परखा कौशल, जल्द जारी होंगे परिणाम

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) द्वारा कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित अंपायर्स…

7 hours ago

TMC Name Symbol Row: TMC की पहचान पर अंतरिम रोक, ममता गुट को फुटबॉल खिलाड़ी तो ऋतब्रत खेमे को मिला लिफाफा

तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिन्ह को लेकर चल रही लड़ाई में चुनाव आयोग…

8 hours ago