बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पति की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। डिबाई क्षेत्र में 15 सितंबर को मुकेश की हत्या उसकी पत्नी पूनम ने अपने प्रेमी करवेंद्र और उसके साथी के साथ मिलकर की थी। पुलिस के मुताबिक, पहले मुकेश को शराब पिलाई गई और फिर गांव के बाहर जंगल में ले जाकर कीचड़ में उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी और साथी की तलाश जारी है।
डिबाई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदयपुर के पास 15 सितंबर को मुकेश पुत्र प्रेमपाल निवासी ग्राम सतोहा का शव गांव के बाहर कीचड़ में मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को मुकेश की हत्या में उसकी पत्नी पूनम समेत तीन लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। मुकेश के भाई देवेंद्र की तहरीर पर डिबाई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
डिबाई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह चौहान के मुताबिक, पुलिस ने मंगलवार को पूनम को कस्बा डिबाई स्थित एक अस्पताल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पूनम ने अपने और करवेंद्र के बीच प्रेम संबंध होने की बात बताई।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को करवेंद्र ने मुकेश को शराब पिलाई और उसे गांव से बाहर जंगल में ले गया। आरोप है कि वहां पूनम ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर मुकेश का मुंह कीचड़ में दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने पूनम को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, करवेंद्र और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस की जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध के अलावा जमीन और बीमा की रकम का लालच भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पूनम का करीब तीन महीने पहले दादरी की एक नर्सरी में काम करने के दौरान करवेंद्र से संपर्क हुआ था। करवेंद्र भटपुरा थाना अहमदगढ़ का रहने वाला है और इसी नर्सरी में काम करता था। दोनों के बीच इसके बाद प्रेम संबंध बन गए।
मुकेश शराब का आदी था और उसके हिस्से में करीब 10 बीघा जमीन थी। पुलिस के अनुसार, वह इसमें से नौ बीघा जमीन पहले ही बेच चुका था और बाकी एक बीघा जमीन भी बेचने की तैयारी में था। पूनम इसका विरोध करती थी।
इसके अलावा मुकेश के नाम करीब 12 लाख रुपये का बीमा भी था। पुलिस का कहना है कि जमीन और बीमा की रकम हासिल करने के लालच में पूनम ने करवेंद्र और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, पूनम के दो बच्चे हैं। इनमें 11 साल का बेटा और 15 साल की बेटी है। फिलहाल पुलिस हत्या में शामिल उसके प्रेमी करवेंद्र और उसके साथी की तलाश कर रही है।
नई दिल्ली: कभी अच्छी नौकरी के लिए एक सीधा फॉर्मूला माना जाता था—अच्छी पढ़ाई, प्रतिष्ठित…
मेरठ: लोहियानगर के फतेहउल्लापुर में तालिब की मौत को पहले स्वाभाविक मानकर दफना दिया गया,…
लखनऊ: बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी में…
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और राजनीतिक हलचल अभी से…
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। गोमती…
नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को…