उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की गिरफ्त में है। IMD के अनुसार 29 दिसंबर तक ठंड से किसी बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने बताया है कि बिहार में 31 दिसंबर तक जबकि पंजाब और हरियाणा में 30 दिसंबर तक कोहरा बना रहेगा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कोल्ड डे और बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड के लिए सीवियर कोल्ड डे की चेतावनी जारी कर दी गई है।
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में दो दिन तक धूप निकलने के बाद अब गलन बढ़ गई है। पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने ठंड को और खतरनाक बना दिया है। दिल्ली-एनसीआर में मिनिमम टेम्परेचर गिरकर 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार यानि 26 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
दो दिन रहेगा कोहरे का असर
IMD ने अगले दो दिनों तक दिल्ली में हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे की संभावना जताई है। सुबह के समय विजिबिलिटी कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। हालांकि दिन में हल्के बादल छाए रहने और धूप निकलने की संभावना है, जिससे दोपहर के समय ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार
ठंड के बीच दिल्ली की हवा को लेकर राहत की खबर भी सामने आई है। लगातार दूसरे दिन वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है। फिलहाल राजधानी का एक्यूआई 286 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है, लेकिन पहले की तुलना में स्थिति बेहतर है। हलाकि, हवा की रफ्तार अगर कम होती है तो अगले 24 घंटों में प्रदूषण का स्तर फिर से बहुत खराब केटेगरी में जा सकता है।
उत्तर प्रदेश में कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विभाग ने प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज और सीतापुर समेत कई जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 27 और 28 दिसंबर को मौसम ख़राब रहने की संभावना है, लेकिन कई इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
बिहार का मौसम
बिहार में शीतलहर और कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी और एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर राज्य में साफ दिखाई दे रहा है। हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है और पिछले 24 घंटों में बिहार का औसत न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और साल के अंत तक ठंड से राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं।