बेंगलुरु से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कैब ड्राइवर पर पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही पत्नी, सास, दो सालों, दो भाभियों और 7 साल के बच्चे समेत सात लोगों की हत्या करने का आरोप लगा है। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। मामले में सबसे बड़ा सवाल छह शवों को लेकर खड़ा हो गया है। पुलिस को फिलहाल सिर्फ एक बच्चे का शव मिला है, जबकि बाकी छह लोगों के शवों का कोई सुराग नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी कैब ड्राइवर की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है। आरोपी का अपनी पत्नी सुनीता से अक्सर विवाद होता रहता था। इंदुशेखर इस बात से सख्त नाराज था कि सुनीता अपने मायके वालों के लगातार संपर्क में रहती थी।
जब भी वह अपनी पत्नी की शिकायत उसकी मां या भाइयों से करता, तो वे कथित तौर पर सुनीता का ही पक्ष लेते थे। पुलिस की जांच के मुताबिक, इसी नाराजगी और रंजिश ने धीरे-धीरे एक खौफनाक साजिश का रूप ले लिया, जिसमें इंदुशेखर ने अपने ही ससुराल के 7 लोगों को निशाना बनाया।
शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की कथित तौर पर हत्या की। इसके बाद उसने अपने दो सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया। जिस पार्टी के न्योते पर दोनों पहुंचे, वह दरअसल मौत का बुलावा साबित हुई।
इसके बाद आरोपी ने अपनी सास रूपावती, दोनों भाभियों दिव्या और नलिनी, तथा 7 साल के मासूम बच्चे पुनीत को भी निशाना बनाया। पुलिस को शक है कि इन सभी की नृशंस हत्याओं के लिए सिलबट्टे के भारी पत्थर का इस्तेमाल किया गया था।
वारदात के बाद आरोपी इंदुशेखर ने कथित तौर पर सभी शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया। इसके अलावा, खून के निशान और सबूत नष्ट करने के लिए किसी रासायनिक पदार्थ (केमिकल्स) का इस्तेमाल किए जाने का भी संदेह है।
इस पूरे मामले का भंडाफोड़ तब हुआ, जब परिजनों के गायब होने के बाद बेंगलुरु के श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान जब पुलिस ने इंदुशेखर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसके बयानों में बार-बार विरोधाभास देखने को मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने 7 लोगों की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी के आसपास करीब 4 घंटे तक सघन तलाशी अभियान (Search Operation) चलाया। इस दौरान पुलिस को 7 साल के मासूम पुनीत का शव बरामद हो गया, लेकिन बाकी 6 लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट के नेतृत्व में 3 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालांकि आरोपी ने 7 लोगों को मौत के घाट उतारने का कबूलनामा दिया है, लेकिन फिलहाल केवल एक ही शव मिला है। पुलिस टीम आरोपी के दावों की सच्चाई परखने, बाकी 6 लोगों की तलाश करने और घटनाक्रम की एक-एक कड़ी को जोड़ने में पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है।
दिवाली का त्योहार हो और बात फैशन की हो, तो हर कोई कुछ खास पहनना…
नेशनल कॉन्फ्रेंस में बगावत के संकेत, 18 से 20 विधायक नाराज; इस्तीफे स्वीकार हुए तो…
उत्तर प्रदेश की सियासत में एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर नए समीकरण…
मनोरंजन की दुनिया में 'राइज एंड फॉल 2' के ग्रैंड फिनाले ने सबको चौंका दिया।…
दीपावली की जगमगाती तैयारियों के बीच वह पावन घड़ी आ गई है, जिसका हर घर…
अमेरिकी राजनीति में मध्यावधि चुनावों के नतीजों के बाद नया सियासी घमासान शुरू हो गया…