उत्तर प्रदेश के मथुरा से बड़ी खबर है। मंगलवार तड़के सुबह 4:30 बजे दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में छह स्लीपर वोल्वो बसें, एक रोडवेज बस और तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिससे चार लोग जिंदा झुलस गए वहीं इस हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा यात्री घायल हुए।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान अचानक तेज आग की लपटें उठीं और कई धमाकों की आवाज सुनाई दी। आसपास के गांवों के लोग डर के मारे दौड़े और घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने मौत का नजारा देखा। हादसे में बसों और कारों में लगी आग ने सब कुछ खाक कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो कैमरे में कैद किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था।
हादसे के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने हादसे की वजह जानने और राहत कार्य को सुनिश्चित करने के लिए जांच शुरू कर दी है।आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। हादसे के भयावह दृश्य को देखकर हर कोई दहशत में था।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि जब बसें और कारें आपस में टकराईं, तो ऐसा लगा जैसे कोई बम फटा हो और तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आसपास का पूरा गांव तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। अन्य लोगों ने भी बताया कि हादसे के बाद आग का भारी गुबार उठता दिखा। लोग बसों की खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे और हर तरफ चीख-पुकार का माहौल बन गया था।