Latest News

पेंशन, प्यार और पुलिस… 70 साल के दादाजी की जिंदगी में कौन आई? पूरी पेंशन खर्च करने का आरोप, परेशान दादी ने दर्ज कराई FIR

आगरा: आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 62 वर्षीय महिला ने अपने 70 वर्षीय पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उनके पति पिछले दो वर्षों से अपनी पूरी पेंशन एक युवा महिला और उसके पति पर खर्च कर रहे हैं। पत्नी का यह भी दावा है कि पति अपनी संपत्ति भी उस युवा दंपती के नाम करने की बात कह रहे थे।

महिला के मुताबिक, उन्होंने कई बार पति को परिवार, बच्चों और नातियों का हवाला देकर समझाने की कोशिश की, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना भी की गई। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की।

युवा महिला के लगातार फोन आने का आरोप

शिकायत में 62 वर्षीय महिला ने बताया कि पिछले दो वर्षों से उनके पति के व्यवहार में बदलाव आया है। उनके पास एक युवा महिला के लगातार फोन आने का भी आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि पति इस महिला और उसके पति के संपर्क में रहने लगे और परिवार की जरूरतों के बजाय उन पर पैसे खर्च करने लगे।

पत्नी के अनुसार, जब उन्होंने पति से घर के खर्च के लिए पैसे देने और इस तरह रकम खर्च करने का विरोध किया, तो उन्होंने कथित तौर पर पैसे देने से इनकार कर दिया। महिला ने पिछले दो वर्षों से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलने का भी आरोप लगाया है।

विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 3 मई की रात उन्होंने अपने पति के सामने दूसरी महिला पर पैसे खर्च करने का विरोध किया था। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। महिला ने दावा किया है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड हुई है।

महिला का आरोप है कि पति की गतिविधियों को लेकर विरोध करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि परिवार को लेकर चिंता बढ़ने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।

पूरी पेंशन युवा दंपती पर खर्च करने का दावा

महिला ने आरोप लगाया कि एक युवा दंपती ने उनके पति को अपने प्रभाव में ले लिया और उनकी वृद्धावस्था पेंशन समेत अन्य रकम भी खर्च करवा दी। महिला ने यह भी दावा किया कि पति अपनी संपत्ति उस दंपती के नाम करने की बात कह रहे थे।

शिकायतकर्ता ने अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग भी पुलिस से की है। उनका कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति और सुरक्षा को लेकर उन्हें चिंता है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जुटाए जा रहे साक्ष्य

एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

vineet verma

Recent Posts

बुशरा बीवी की सेहत को लेकर परेशान इमरान खान, जेल से वकीलों को दिया बड़ा निर्देश, बोले- पहले पत्नी को बचाइए

आडियाला जेल में पीटीआई नेता गौहर अली से मुलाकात के दौरान की गुहार, बुशरा बीवी…

13 hours ago

‘सुबह 11 बजे शराब की बदबू’… राहुल गांधी का भगवंत मान पर बड़ा आरोप

पंजाब के संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल…

13 hours ago

दिवाली से पहले अमूल ने दिया महंगाई का झटका, घी-मक्खन की कीमतें बढ़ीं, त्योहारों पर बिगड़ेगा रसोई का बजट

त्योहारी सीजन में डेयरी उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच अमूल का फैसला, गुजरात और…

14 hours ago

शुरुआती झटकों और बारिश के बीच भारत की रोमांचक जीत, न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराकर सीरीज पर किया कब्जा

भारत ने बुधवार, 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पहले रोमांचक…

14 hours ago

न तेल, न बाती, न स्विच! आखिर कैसे काम करता है पानी से जलने वाला यह स्मार्ट दीया?

दिवाली के त्योहार पर बाजार में इस बार स्मार्ट पानी वाले दीये चर्चा में हैं।…

15 hours ago