वर्ल्ड

US-Canada Trade War: ट्रंप के टैरिफ पर कनाडा का पलटवार, 8 सितंबर से डॉलर के बदले डॉलर टैक्स; रिश्तों में बढ़ी तल्खी

अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव अब खुली टैरिफ जंग की ओर बढ़ता दिख रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर हुई बातचीत अंतिम दौर में बेनतीजा रहने के बाद स्थिति और बिगड़ गई है। ट्रंप प्रशासन ने कनाडा के करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर 50 फीसदी टैरिफ लागू किया है। इसके जवाब में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका को उसी अंदाज में जवाब देने का ऐलान किया है।

कार्नी ने कहा है कि 8 सितंबर से कनाडा अमेरिकी सामान पर डॉलर के बदले डॉलर के हिसाब से जवाबी टैरिफ लगाएगा। उन्होंने अमेरिका की व्यापार नीति पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब किसी देश पर हमला होता है तो वह युद्ध की स्थिति में होता है और कनाडा पर हमला हुआ है।

अमेरिका के टैरिफ का कनाडा देगा सीधा जवाब

कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शनिवार को अमेरिकी टैरिफ के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की घोषणा की। कनाडा की ओर से लगाए जाने वाले शुल्क में कई अमेरिकी उत्पाद शामिल होंगे।

इनमें डेयरी उत्पाद, स्टील, घरेलू उपकरण, कृषि मशीनरी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और लुगदी एवं कागज से जुड़े उत्पाद शामिल हैं।

अमेरिका की ओर से लगाए गए नए 50 फीसदी टैरिफ का असर कनाडा के करीब 5 फीसदी वार्षिक निर्यात पर पड़ने की बात कही जा रही है। प्रभावित उत्पादों में हॉकी स्टिक, मेडिकल उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले लकड़ी के उत्पाद और कई औद्योगिक सामान शामिल हैं।

क्यों टूटी अमेरिका-कनाडा व्यापार वार्ता?

दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर हाल ही में बातचीत हुई थी। वॉशिंगटन में कनाडा के व्यापार मंत्री डोमिनिक लेब्लांक और अमेरिकी व्यापार वार्ताकार जैमीसन ग्रीयर के बीच करीब तीन दिन तक बातचीत चली।

शुरुआत में दोनों पक्ष समझौते के करीब दिखाई दे रहे थे, लेकिन अंतिम चरण में अमेरिका की ओर से कुछ नई शर्तें सामने आईं। इसके बाद बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी और कनाडा ने अपनी वार्ता टीम को ओटावा वापस बुला लिया।

अब बातचीत टूटने के बाद दोनों देशों के बीच टैरिफ को लेकर टकराव और बढ़ गया है।

मार्क कार्नी ने ट्रंप प्रशासन की शर्तों को बताया अस्वीकार्य

कार्नी ने कहा कि ट्रंप प्रशासन की अंतिम शर्तें कनाडा के लिए स्वीकार करना संभव नहीं था। उनके मुताबिक, अमेरिका ने बहुत ज्यादा मांग की और बदले में बहुत कम पेशकश की।

उन्होंने साफ कहा कि कनाडा अपनी संप्रभुता या प्रमुख उद्योगों को कमजोर करने वाली किसी भी शर्त को स्वीकार नहीं करेगा।

कार्नी के मुताबिक, कनाडा अमेरिका के साथ समझौते के लिए तैयार था। अगर अमेरिका अपने शुल्क में बड़ी कटौती करता तो ओटावा अमेरिकी एल्युमीनियम, स्टील और मोटर वाहनों पर लगाए गए मौजूदा जवाबी टैरिफ को हटाने पर भी विचार कर सकता था।

इसके अलावा कनाडा अमेरिकी शराब की बिक्री दोबारा शुरू करने के लिए अपने प्रांतों को प्रोत्साहित करने को भी तैयार था।

‘अमेरिका बदल गया है, पुराने रिश्ते वापस नहीं आएंगे’

मार्क कार्नी ने कहा कि व्यापार विवाद ने अमेरिका और कनाडा के संबंधों में बड़ा बदलाव कर दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि दोनों देशों के पुराने व्यापारिक रिश्तों की स्थिति अब पहले जैसी नहीं रहने वाली।

कार्नी ने कहा कि कनाडा ने पहले ही समझ लिया था कि अमेरिका बदल चुका है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका देश पुराने रिश्तों की स्थिति में वापस जाने की कोशिश नहीं कर रहा है।

अमेरिका ने कनाडा को ठहराया जिम्मेदार

वहीं, अमेरिकी प्रशासन ने व्यापार वार्ता टूटने का जिम्मेदार कनाडा को बताया है। अमेरिकी व्यापार वार्ताकार जैमीसन ग्रीयर के मुताबिक, वॉशिंगटन ने कनाडा के लकड़ी, स्टील और ऑटोमोबाइल जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में टैरिफ कम करने की पेशकश की थी।

ग्रीयर ने दावा किया कि कनाडा को पहले की तुलना में बेहतर व्यापार समझौता मिल सकता था, लेकिन उसने अमेरिकी प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ते टैरिफ विवाद का असर दोनों देशों के कारोबार और उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। 8 सितंबर से कनाडा की जवाबी कार्रवाई लागू होने के बाद दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार तनाव और बढ़ने की आशंका है।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि क्या दोनों देश दोबारा बातचीत की मेज पर लौटते हैं या फिर US-Canada Trade War आने वाले दिनों में और गहरी होती है।

news desk

Recent Posts

ऑनलाइन दुल्हन की तलाश ने डुबोई मेहनत की कमाई! ग्वालियर में शादी का झांसा देकर साइबर ठगों ने दो परिवारों से ऐंठे 24,500 रुपये

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनलाइन शादी का रिश्ता तलाशना दो परिवारों को भारी…

10 hours ago

हार्ट अटैक आने से पहले शरीर देता है ये संकेत! सीने के दर्द से लेकर सांस फूलने तक, जानें सबसे कॉमन लक्षण और अस्पताल पहुंचने से पहले क्या करें

नई दिल्ली: हार्ट अटैक एक गंभीर चिकित्सकीय आपात स्थिति है, जिसमें हृदय की मांसपेशियों तक…

11 hours ago