लखनऊ। दिव्यांश जोशी (105) के तूफानी शतक के बाद विशाल चौधरी (4 विकेट) की गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का खिताब अपने नाम कर लिया।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ग्रैंड फिनाले में मेरठ ने लखनऊ फाल्कन्स को 94 रन से हराकर दूसरी बार लीग की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। खिताबी मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 203 रन का स्कोर बनाया। जवाब में लखनऊ की टीम 16 ओवर में 109 रन पर सिमट गई।
मेरठ की ओर से दिव्यांश जोशी ने 40 गेंदों पर 12 चौके व सात छक्के से 105 रन की पारी खेली। उन्होंने 37 गेंदों में शतक पूरा कर यूपी टी-20 लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ा। शानदार पारी के लिए दिव्यांश जोशी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
यह खिताबी मुकाबला देखने के लिए करीब 30 हजार दर्शक स्टेडियम पहुंचे और चौके-छक्के पर शोर और विकेट गिरते ही तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा इकाना गूंजता रहा। मैच की औपचारिक शुरुआत बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला व यूपीसीए अध्यक्ष निधिपति सिंहानिया ने टॉस कराकर और पारंपरिक अंदाज में घंटा बजाकर की।
मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। मेरठ को स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने पहले विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी कर तेज शुरुआत दिलाई। लखनऊ को पहली सफलता पांचवें ओवर में आईपीएल स्टार विप्रज निगम ने दिलाई। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर स्वास्तिक चिकारा (18) को आउट करते हुए साझेदारी तोड़ी।
दूसरे छोर पर दिव्यांश जोशी का बल्ला लगातार गरजता रहा। मेरठ का दूसरा विकेट नौवें ओवर में 103 रन के कुल स्कोर पर गिरा। रितुराज 17 गेंदों पर तीन चौके व एक छक्के से 24 रन बनाकर अजीत वर्मा की गेंद पर विप्रज निगम को कैच थमा बैठे।
अक्षय दुबे 15 रन बनाकर 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुए। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अभिनंदन ने मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह (1) को पवेलियन वापस भेज दिया। दिव्यांश ने मात्र 37 गेंदों की पारी में 11 चौके व 7 छक्के लगाते हुए 100 रन बनाते हुए यूपी टी-20 लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ दिया। वह लीग के फाइनल में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए। दिव्यांश ने 40 गेंदों पर 12 चौके और सात छक्के की मदद से 105 रन बनाए।
शतक पूरा करने के बाद दिव्यांश 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। बाद में वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे, लेकिन दूसरी ही गेंद पर भुवनेश्वर कुमार का शिकार हो गए। मेरठ की पारी का अंत अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ, जब जीशान अंसारी तीन रन बनाकर रन आउट हो गए। लखनऊ की ओर से अभिनंदन सिंह ने तीन विकेट लिए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स 16 ओवर में 109 रन पर आलआउट हो गयी। लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 13 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गयी थी और फिर उबर नहीं सकी। सलामी बल्लेबाज हिमांशु सिंह मात्र पांच रन बनाकर विजय कुमार की गेंद पर विकेटकीपर अक्षय दुबे को कैच थमा बैठे। अगले ही ओवर में आराध्य यादव (5) करन चौधरी की गेंद पर कुणाल यादव को कैच दे बैठे।
मोहम्मद सैफ 10 रन बनाकर आउट हो गए। फिर अक्षु बाजवा चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। प्रियम गर्ग खाता भी नहीं खोल सके। उन्हें विशाल चौधरी की गेंद पर यश गर्ग ने कैच किया। 58 रन के सकोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गयी।
अजीत वर्मा ने 24 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया, लेकिन 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट हो गए। अगले ही ओवर में समीर चौधरी छह रन बनाकर विशाल चौधरी की गेंद पर रितुराज शर्मा को कैच दे बैठे।
विप्रज निगम तीन रन बनाकर जीशान अंसारी की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच दे बैठे। कृतज्ञ कुमार सिंह ने 18 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 21 रन बनाए। अभिनंदन सिंह छह रन बनाकर 16वें ओवर में जीशान अंसारी का शिकार हुए। मेरठ से विशाल चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर चार विकेट चटकाए। जीशान अंसारी ने 12 रन देकर दो विकेट लिए।
मेरठ मावेरिक्स ने चौथे फाइनल में पहुंचकर खिताब भी अपने नाम कर लिया। टीम अब यूपी टी-20 लीग की दो बार की चैंपियन और दो बार की उपविजेता है। मेरठ ने लगातार चौथी बार फाइनल खेलकर राज्य स्तरीय लीगों के इतिहास में लगातार चार फाइनल खेलने वाली पहली टीम बनने की उपलब्धि भी हासिल की। इस के साथ मेरठ ने यूपी टी-20 लीग के इतिहास में अपने 50 मैच भी पूरे कर लिए।
मेरठ मावेरिक्स के जीशान अंसारी ने 25 विकेट लेकर लीग की पर्पल कैप अपने नाम की। वहीं काशी रुद्रास के करन शर्मा 361 रन बनाकर ऑरेंज कैप के विजेता बने।
लीग के समापन समारोह में समापन समारोह के मुख्य अतिथि बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला रहे। उनके साथ उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष निधिपति सिंहानिया, सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला की भी गरिमामयी मौजूदगी रही। विजेता मेरठ मावेरिक्स को विजेता ट्रॉफी व एक करोड़ रुपए का नगद पुरस्कार मिला जबकि उपविजेता लखनऊ फाल्कन्स को उपविजेता ट्रॉफी व 60 लाख रुपये का नगद पुरस्कार मिला।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने समारोह की अध्यक्षता की, जबकि गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह और लीग के ब्रांड एंबेसडर पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना सहित यूपीसीए की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने पिछले चार सत्रों में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया है। इस लीग से खिलाड़ियों को उच्च स्तर की क्रिकेट में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश से और अधिक प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर मंच और आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। चौथे सत्र में खिलाड़ियों के प्रदर्शन, दर्शकों के उत्साह और क्रिकेट के प्रति बढ़ते आकर्षण ने लीग की सफलता को और मजबूत किया है।
यूपीसीए की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने कहा कि लीग की सफलता का श्रेय लखनऊ की मीडिया को कवर किया खिलाड़यों के प्रदर्शन को उजागर कर जनता के सामने रखा। आज उसका परिणाम ये है कि फाइनल में देखने करीब 30 हजार से ज्यादा दर्शक पहुंचे। यह यूपी टी20 लीग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए मीडिया बधाई की पात्र है। आज समापन समारोह के दौरान यूपीसीए के निदेशक युद्धवीर सिंह, प्रदीप गुप्ता, विजय गुप्ता, श्याम बाबू, जीएम तिवारी, ताहिर हसन भी मौजूद रहे।
लखनऊ: कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत के मामले में नागपुर से गिरफ्तार श्रद्धा दुबे,…
नई दिल्ली: जिंदगी में सबसे ज्यादा भरोसा अक्सर हम अपने परिवार और करीबियों पर करते…
रायपुर: दशहरे पर शस्त्र पूजन के दौरान AK-47 राइफल से हवाई फायरिंग करने का वीडियो…
नई दिल्ली: बांग्लादेश में अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार के सत्ता से हटने…
नई दिल्ली: शरीर में आयोडीन की कमी को अक्सर लोग मामूली पोषण संबंधी समस्या समझकर…
नई दिल्ली: घर बनवाते समय अक्सर लोग सीढ़ियों के नीचे बची जगह का इस्तेमाल सामान…