Trending News

शिवा शर्मा हत्याकांड: 6.30 घंटे में श्रद्धा दुबे से लेकर बहन और ड्राइवर तक से पूछे गए 120 सवाल! फिर भी नहीं सुलझी गुत्थी, अब गायब मोबाइल खोलेंगे राज?

लखनऊ: कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत के मामले में नागपुर से गिरफ्तार श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश उर्फ तनवीर से पुलिस ने करीब साढ़े छह घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान तीनों से 120 सवाल पूछे गए और उनके अलग-अलग बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, तीनों के बयानों में एक जैसी बातें सामने आई हैं। वहीं, बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी है। पुलिस अब गायब दो मोबाइल फोन और फरारी के दौरान आरोपितों की मदद करने वालों की तलाश में जुटी है।

एक ही कहानी दोहराते रहे तीनों, पुलिस ने अलग-अलग बैठाकर पूछे सवाल

पुलिस गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे तीनों आरोपितों को लेकर हजरतगंज थाने पहुंची। इसके बाद डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय के नेतृत्व में दस सदस्यीय टीम ने पूछताछ शुरू की। तीनों को अलग-अलग बैठाकर सवाल किए गए और उनके बयानों का मिलान किया गया।

पुलिस के अनुसार, श्रद्धा ने बताया कि आठ अक्टूबर की रात सभी लोग बाहर घूम रहे थे। अगले दिन सुबह करीब सात बजे फ्लैट पर लौटने के बाद सभी सो गए। शाम करीब चार बजे नींद खुलने पर शिवा से विवाद हुआ। इसके बाद शिवा कमरे से निकलकर बालकनी की तरफ चले गए और उन्होंने आत्महत्या कर ली।

पुलिस का कहना है कि रश्मि और दानिश उर्फ तनवीर ने भी इसी तरह की बात बताई। श्रद्धा से जब फरार होने की वजह पूछी गई, तो उसने जेल जाने के डर से भागने की बात कही।

दो मोबाइल गायब, नेपाल भागने के दौरान गिरने का दावा

पूछताछ के दौरान आरोपितों के पास से 25 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद हुआ। हालांकि, दो मोबाइल फोन नहीं मिले हैं। श्रद्धा ने पुलिस को बताया कि नेपाल भागने के दौरान दोनों फोन गिर गए थे। उसके मुताबिक, एक फोन उसकी बहन का और दूसरा उसका था।

पुलिस अब गायब मोबाइल की तलाश कर रही है। बरामद दोनों मोबाइल और अन्य सामान सील कर दिया गया है, ताकि उनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा सके। जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान तीनों को किन लोगों ने मदद पहुंचाई।

लखनऊ से नेपाल, फिर रायबरेली और आगरा पहुंची श्रद्धा

पुलिस के मुताबिक, फरारी के दौरान श्रद्धा लगातार टैक्सी बदल रही थी। वह लखनऊ से नेपाल गई और फिर रायबरेली होते हुए आगरा पहुंची। वहां करीब 12 घंटे रुकने के बाद लखनऊ लौटी। इसके बाद उसने मुकदमा खत्म कराने के सिलसिले में अदालत में पेशी के लिए फोटो एफिडेविट करवाया और एक न्यूज एजेंसी को बयान देने के बाद कानपुर पहुंची।

कानपुर में होटल में ठहरने के लिए पहचान पत्र मांगे जाने पर वह टैक्सी से नागपुर निकल गई। वहां उसने ऑनलाइन फ्लैट किराये पर लिया। पुलिस के अनुसार, फ्लैट के वाई-फाई से मोबाइल कनेक्ट होते ही उसकी लोकेशन का पता चल गया। नागपुर पुलिस ने टैक्सी चालक को भी पकड़ा था, जिसके बयान की जांच की जा रही है।

टैक्सी और सिम उपलब्ध कराने वाले लोगों की भी तलाश

जांच में उन लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है, जिन्होंने कथित तौर पर श्रद्धा को फरारी के दौरान टैक्सी और सिम उपलब्ध कराए। पुलिस दुबग्गा निवासी आमिर की तलाश कर रही है, जबकि लाटूश रोड निवासी आमिर से पूछताछ किए जाने की जानकारी दी गई है।

पुलिस अब तक सात लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। इन बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, फरारी में मदद करने वालों की भूमिका का पता लगाने के लिए पड़ताल जारी रहेगी।

क्या है शिवा शर्मा की मौत का मामला?

नौ अक्टूबर को लखनऊ के प्राग नारायण रोड पर बालू अड्डा चौराहे के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। उनकी मां रंजना ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, चालक दानिश उर्फ तनवीर और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस के मुताबिक, शिवा के शव की मेडिकल जांच में 11 चोटें मिली थीं। मामले में घर में काम करने वाली महिला का बयान भी दर्ज किया गया, जिसमें उसने विवाद से जुड़ी बातें बताईं। हालांकि, मौत की परिस्थितियों और आरोपितों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।

पुलिस ने 20 अक्टूबर को नागपुर से श्रद्धा, रश्मि और तनवीर को गिरफ्तार किया था। अदालत से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उन्हें लखनऊ लाया गया। अब पूछताछ के बाद पुलिस की नजर गायब मोबाइल फोन, फरारी के दौरान मदद करने वालों और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों पर है।

vineet verma

Recent Posts

विदुर नीति: सबसे ज्यादा खतरा बाहर वालों से नहीं, अपनों की इन 3 आदतों से होता है! भरोसा करने से पहले पहचान लें ये संकेत

नई दिल्ली: जिंदगी में सबसे ज्यादा भरोसा अक्सर हम अपने परिवार और करीबियों पर करते…

52 minutes ago

गले में सूजन, हर वक्त थकान और सुस्ती को न करें नजरअंदाज! आयोडीन की कमी बिगाड़ सकती है थायरॉयड, AIIMS ने इन लोगों को किया सतर्क

नई दिल्ली: शरीर में आयोडीन की कमी को अक्सर लोग मामूली पोषण संबंधी समस्या समझकर…

1 hour ago

सीढ़ियों के नीचे रखी ये 5 चीजें घर में बढ़ा सकती हैं नकारात्मकता! बिना तोड़-फोड़ के ऐसे सुधारें वास्तु दोष

नई दिल्ली: घर बनवाते समय अक्सर लोग सीढ़ियों के नीचे बची जगह का इस्तेमाल सामान…

1 hour ago

यूपी की 11 MLC सीटों पर कल किसकी बाजी? BJP-सपा के बीच सियासी मुकाबला, जानिए कहां से कौन लड़ रहा चुनाव

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों पर…

1 hour ago