कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अपने तेवरों व बयानों के कारण हमेशा सुर्खियों में रहने वाले शशि थरूर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके एक अवॉर्ड को ठुकराने से जुड़ा है।
दरअसल, स्वयंसेवी समूह एचआरडीएस इंडिया ने ‘वीर सावरकर इंटरनेशनल इम्पैक्ट अवार्ड 2025’ देने की घोषणा की थी, जिसमें शशि थरूर का नाम भी शामिल था। लेकिन थरूर ने इस अवॉर्ड को स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कुल 6 लोगों को इस अवॉर्ड के लिए नामित किया गया था, जिनमें कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी शामिल थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वे यह सम्मान नहीं लेंगे।
इस मामले पर शशि थरूर का बयान भी सामने आया है। उन्होंने मीडिया को बताया कि उन्हें इस अवॉर्ड के बारे में कल ही मीडिया रिपोर्टों से जानकारी मिली, जब वे केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के अभियान में व्यस्त थे।शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में संवाददाताओं से कहा, “मुझे इस पुरस्कार के बारे में न तो कभी सूचित किया गया और न ही मैंने इसे स्वीकार किया है।”
उन्होंने आयोजकों पर नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी सहमति के बिना नाम की घोषणा करना “गैर-जिम्मेदाराना कदम” है।
बताया जा रहा है कि यह पुरस्कार समारोह आज, 10 दिसंबर को नई दिल्ली के NDMC कन्वेंशन हॉल में आयोजित होना है, जहां कार्यक्रम का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।