मुंबई: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर आई है — मशहूर एक्टर सतीश शाह का निधन हो गया है. 74 साल की उम्र में उन्होंने आज यानी 25 अक्टूबर दोपहर 2:30 बजे आखिरी सांस ली. उनके पीए रमेश ने यह जानकारी दी. सूत्रों के अनुसार सतीश शाह की मौत किडनी फेलियर की वजह से हुई. उन्हें हिंदुजा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. आज ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
हंसी के बादशाह, जिन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकता
25 जून 1951 को मुंबई में जन्मे सतीश शाह को उनके शानदार कॉमिक टाइमिंग और जोश भरे अभिनय के लिए जाना जाता था. 80s और 90s की कल्ट फिल्मों ‘जाने भी दो और ‘हम आपके हैं कौन’ जैसी फिल्मों में उनके रोल के लिए आज भी लोग याद करते हैं. टीवी की दुनिया में उनका रोल ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ के इंद्रवदन साराभाई उर्फ इंदु के रूप में आइकॉनिक बन गया. उनका यह किरदार इतना पॉपुलर हुआ कि शो बंद होने के सालों बाद भी सोशल मीडिया पर उनके डायलॉग्स और क्लिप्स वायरल होते रहते हैं.
बॉलीवुड से टीवी तक छोड़ी गहरी छाप
सतीश शाह ने ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘कल हो ना हो’, ‘मैं हूं ना’ और ‘ओम शांति ओम’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में शानदार किरदार निभाए. उन्होंने अपनी कॉमिक एनर्जी और दिल छू लेने वाले एक्सप्रेशंस से हर किरदार को जिंदा कर दिया. उन्होंने प्रोड्यूसर मधु शाह से शादी की थी. सतीश शाह के जाने से पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है. सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
सच में, सतीश शाह ने जैसे लोगों को हंसाया, वैसा बहुत कम लोग कर पाते हैं. उनकी मुस्कान और कॉमेडी हमेशा याद की जाएगी.