तेलंगाना की राजनीति में एक ऐसा सियासी नजारा देखने को मिला, जिसने सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें ‘सच्चा देशभक्त’ बताया। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जिम्मेदारी के साथ कह सकते हैं कि असदुद्दीन ओवैसी और उनके छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी देशभक्ति के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से किसी भी तरह कम नहीं हैं।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि राजनीति में नेताओं के विचार और राजनीतिक टिप्पणियां अलग हो सकती हैं, लेकिन जब बात देशभक्ति और देश की सुरक्षा की आती है तो असदुद्दीन ओवैसी और अकबरुद्दीन ओवैसी कभी पीछे नहीं हटेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओवैसी भाइयों को देश के खिलाफ बताने वाली बातों से वह सहमत नहीं हैं। उनके मुताबिक दोनों भाइयों की देशभक्ति पर सवाल उठाना सही नहीं है।
रेवंत रेड्डी ने ओवैसी की देशभक्ति का जिक्र करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान उनकी भूमिका की भी बात की। असदुद्दीन ओवैसी सैनिकों के समर्थन में आयोजित एक रैली में कांग्रेस नेताओं के साथ नजर आए थे। उन्होंने ऑपरेशन में शामिल जवानों की सलामती के लिए दुआ भी की थी।
खास बात यह रही कि जिस मंच से रेवंत रेड्डी ने ओवैसी की तारीफ की, उसी कार्यक्रम में AIMIM प्रमुख ने भी मुख्यमंत्री की प्रशंसा की। ओवैसी ने कहा कि उन्हें यह कहने में कोई हिचक नहीं है कि उनकी पार्टी का समर्थन किसी राजनीतिक दल को नहीं बल्कि रेवंत रेड्डी को है।
ओवैसी ने मुख्यमंत्री से अपने अंदाज में सरकार चलाने और हैदराबाद के साथ-साथ पूरे तेलंगाना के विकास पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि देश में दिखाई दे रही सांप्रदायिक सोच तेलंगाना तक पहुंचे।
असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से पुराने हैदराबाद शहर में विकास से जुड़े कामों को जल्द पूरा करने की मांग भी की। उन्होंने तेलंगाना और हैदराबाद के विकास को लेकर सरकार से तेजी से काम करने की अपील की।
दरअसल, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और असदुद्दीन ओवैसी सैदाबाद स्टील फ्लाईओवर के उद्घाटन कार्यक्रम में एक साथ पहुंचे थे। यह फ्लाईओवर नलगोंडा एक्स रोड से संतोष नगर स्थित ओवैसी जंक्शन तक बनाया गया है।
इसी कार्यक्रम में रेवंत रेड्डी ने यह भी कहा कि AIMIM नेताओं ने चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कांग्रेस को हराने की कोशिश की होगी, लेकिन चुनावी राजनीति में ऐसी बातें होती रहती हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों BJP और BRS पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल प्रतिष्ठित मूसी कायाकल्प परियोजना में बाधाएं खड़ी कर रहे हैं।
ऐसे में रेवंत रेड्डी और ओवैसी का एक-दूसरे की सार्वजनिक तौर पर तारीफ करना तेलंगाना की राजनीति में चर्चा का नया विषय बन गया है। एक तरफ मुख्यमंत्री AIMIM प्रमुख को ‘देशभक्त’ बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ ओवैसी अपनी पार्टी का समर्थन किसी दल के बजाय सीधे रेवंत रेड्डी को देने की बात कह रहे हैं। अब इस बदले सियासी अंदाज के तेलंगाना की आने वाली राजनीति पर क्या असर पड़ता है, इस पर सभी की नजर है।
नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब…
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर जुलाई में हुए छात्र आंदोलन के दौरान दिल्ली पुलिस के इस्तेमाल…
मथुरा: जन्माष्टमी के मौके पर देशभर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम है। मंदिरों…
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के आखिरी गांव गिरोता में भगवान श्रीकृष्ण का एक…
चेन्नई: 17 वर्षीय जे संथोष के लिए आईआईटी मद्रास कभी सिर्फ एक ऐसा नाम था,…
रियलिटी शो की दुनिया में एक और रोमांचक सफर अपने अंजाम तक पहुंच चुका है,…