पटना। बिहार की राजनीति से एक अहम खबर सामने आई है। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया। पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पार्टी के बिहार प्रदेश के अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, लेसी सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Nishant Kumar ने पार्टी की सदस्यता लेने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा, “यहां मौजूद आप सभी लोगों का मैं अभिनंदन करता हूं। आप सब अपना कीमती समय निकालकर यहां आए, इसके लिए मैं आप सभी को नमन और धन्यवाद देता हूं।”
निशांत कुमार ने कहा कि वह Janata Dal (United) के कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने आए हैं और अब सक्रिय सदस्य के रूप में संगठन के लिए काम करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता Nitish Kumar ने राज्यसभा जाने का फैसला लिया है, जो उनका निजी निर्णय है और वह उसका सम्मान करते हैं।
उन्होंने कहा, “हम सभी अपने पिता के मार्गदर्शन में काम करेंगे। पार्टी और जनता ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। एक कार्यकर्ता के रूप में मेरा प्रयास रहेगा कि पार्टी संगठन को और मजबूत किया जाए।”
पिता के काम पर जताया गर्व
निशांत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 20 वर्षों में उनके पिता ने बिहार के लिए जो काम किए हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि उन कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा और उन्हें अपने पिता के काम पर गर्व है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और बिहार की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे उनके पिता पर अपना विश्वास बनाए रखें और संगठन का मनोबल मजबूत रखें।