Latest News

सिंगल हैं तो फिनलैंड जाइए! नए साल में मिलेगी मुफ्त विदेश यात्रा, डिनर डेट पर बनेगी बात; फ्लाइट से लेकर खाना-रहना तक फ्री

अगर आप सिंगल हैं और नए साल में किसी खास शख्स से मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, तो फिनलैंड का एक खास अभियान आपकी तलाश को दिलचस्प बना सकता है। दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में शामिल फिनलैंड में अब दुनियाभर के सिंगल लोगों को ब्लाइंड डेट का मौका दिया जा रहा है। खास बात यह है कि इस अनुभव के लिए चुने जाने वाले प्रतिभागियों की फ्लाइट, होटल, खाना और दूसरी गतिविधियों का पूरा खर्च आयोजक उठाएंगे। इस अभियान में 18 साल से अधिक उम्र के लोग आवेदन कर सकते हैं।

क्या है फिनलैंड का ब्लाइंड डेट अभियान?

फिनलैंड के पर्यटन को बढ़ावा देने वाली संस्था विजिट फिनलैंड ने दुनियाभर के अविवाहित लोगों के लिए ‘फिनिश डिनर डेट’ नाम से एक खास अभियान शुरू किया है। इसके तहत कुल 16 लोगों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को 9 से 19 फरवरी 2027 तक फिनलैंड की मुफ्त यात्रा पर जाने का अवसर मिलेगा।

इस दौरान आने-जाने की हवाई यात्रा, होटल में ठहरने, भोजन और विभिन्न गतिविधियों का खर्च विजिट फिनलैंड उठाएगा। इस यात्रा का मकसद प्रतिभागियों को फिनलैंड की संस्कृति और खानपान से परिचित कराने के साथ स्थानीय सिंगल लोगों से मिलने का अवसर देना भी है।

हेलसिंकी और टाम्परे में होगी खास डिनर डेट

इस पूरे अभियान का सबसे दिलचस्प हिस्सा ग्रुप डिनर डेट होगा। इसमें चुने गए सिंगल लड़के और लड़कियों को एक साथ बैठकर भोजन करने और एक-दूसरे को जानने का मौका मिलेगा। ये आयोजन फिनलैंड के दो प्रमुख शहरों हेलसिंकी और टाम्परे में किए जाएंगे।

डिनर के दौरान मेहमानों को वहां के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे। इनमें जंगली मछलियां, अलग-अलग तरह की बेरीज और जंगलों से इकट्ठा किए गए मशरूम जैसे खास खाद्य पदार्थ शामिल होंगे। यानी प्रतिभागियों को नए लोगों से मिलने के साथ फिनलैंड के खानपान और स्थानीय जीवनशैली को करीब से समझने का भी अवसर मिलेगा।

10 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन, दिसंबर में आएगा नतीजा

इस अभियान में शामिल होने के लिए 18 साल से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है। आवेदन करने की अंतिम तारीख फिनलैंड के स्थानीय समय के अनुसार 10 नवंबर 2026 रखी गई है।

चयनित प्रतिभागियों के नामों की घोषणा 1 दिसंबर 2026 को विजिट फिनलैंड के आधिकारिक इंस्टाग्राम और टिकटॉक अकाउंट पर की जाएगी। इसके बाद चुने गए 16 लोगों को फरवरी 2027 में फिनलैंड की यात्रा पर ले जाया जाएगा।

एक छोटा सा वीडियो बनाकर ऐसे करें आवेदन

इस अभियान के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी काफी आसान रखी गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को अंग्रेजी भाषा में एक छोटा वीडियो तैयार करना होगा। वीडियो में उन्हें एक सवाल का जवाब देना है- अगर आपको किसी डिनर डेट पर अपने मेहमानों के लिए खाना परोसना हो, तो आप कौन-सा व्यंजन चुनेंगे और उसके पीछे आपकी वजह क्या होगी?

इस सवाल का जवाब देते हुए वीडियो तैयार करना होगा और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करना होगा। इसके लिए टिकटॉक, इंस्टाग्राम या यूट्यूब का इस्तेमाल किया जा सकता है।

अगर आपका चयन होता है तो इसकी जानकारी 1 दिसंबर 2026 को विजिट फिनलैंड के इंस्टाग्राम और टिकटॉक अकाउंट पर घोषित की जाएगी। ऐसे में सिंगल लोगों के लिए यह सिर्फ मुफ्त विदेश यात्रा का मौका नहीं, बल्कि फिनलैंड में नए लोगों से मिलने और शायद किसी खास रिश्ते की शुरुआत करने का भी अनोखा अनुभव हो सकता है।

vineet verma

Recent Posts

धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- सनातन समाज को बांटने की हो रही साजिश

लखनऊ: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई…

10 minutes ago

‘डबल इंजन’ की सरकार ज्यादा तेल पी रही है… आकाश आनंद का BJP पर तंज, अखिलेश यादव को भी घेरा

सहारनपुर: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने सोमवार को सहारनपुर के…

44 minutes ago

चेहरे पर नकाब, हाथों में हथौड़े और पुलिस पर हमले… फ्रांस में कौन हैं ये ‘कैसर्स’, जो शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को बना रहे हिंसक?

पेरिस: फ्रांस में महंगाई, आर्थिक असमानता और सरकार की नीतियों के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन…

1 hour ago

NEET की तैयारी के बीच 18 वर्षीय छात्रा की मौत, कमरे से मिला सुसाइड नोट; परीक्षा को लेकर जताई थी निराशा

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नीट (NEET) की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा…

2 hours ago

20 में से 18 मिडटर्म चुनावों में हारी राष्ट्रपति की पार्टी, क्या ट्रंप बदल पाएंगे 76 साल पुराना रिकॉर्ड?

वॉशिंगटन: अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी…

2 hours ago

मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में भीषण धमाका, उड़ गए जेसीबी के परखच्चे; 1 की मौत, 7 गंभीर

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र…

2 hours ago