उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर अपने पिता, मां और पत्नी की मौत को बीमा राशि हड़पने के लिए हत्या का षडयंत्र रचने का आरोप लगा है. आरोपी विशाल कुमार ने अपने पिता मुकेश सिंघल की मौत को एक सामान्य सड़क दुर्घटना बताया था.दावा था कि बाइक से लौटते समय एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. लेकिन जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, अस्पताल का टाइमिंग रिकॉर्ड और बीमा दस्तावेज़ों का मिलान हुआ, तो कहानी में कई परतें सामने आईं. पुलिस को शक हुआ और फिर जो खुलासा हुआ, वो रोंगटे खड़े कर देने वाला था.
घटना का क्रम और बीमा क्लेम का खेल
मृतक मुकेश सिंघल की मौत मार्च 2024 में एक सड़क दुर्घटना बताई गई थी. मृतक के बेटे विशाल कुमार ने बीमा कंपनियों के नाम पर करीब लगभग ₹39 करोड़ की बीमा राशि का दावा किया था. लेकिन जांच में यह पाया गया कि मृतक की सालाना आय मात्र ₹12-15 लाख रुपए थी, जो इतनी बड़ी बीमा राशि के अनुरूप नहीं थी.
मां और पत्नी की भी हुईं अजीब परिस्थितियों में मौत
विशाल कुमार की मां प्रभा देवी की 2017 में हुई मौत भी सड़क दुर्घटना बताई गई थी, जिस पर विशाल ने बीमा कंपनी से ₹80 लाख की राशि हड़पी.साथ ही, उनकी पत्नी की मौत के बाद भी लगभग ₹30 लाख का बीमा क्लेम किया गया.इन घटनाओं की भी पुलिस गहराई से जांच कर रही है.रिपोर्ट और अस्पताल के दस्तावेजों में गड़बड़ी, दुर्घटना के गवाहों के बयान संदिग्ध और संभवत: नकली निकले. मृतकों के शरीर पर लगी चोटें और दुर्घटना स्थल के अनुरूप नहीं थीं.बीमा कंपनी के अधिकारी को रिश्वत देने की कोशिश का आरोप लगा.
पुलिस अब मां और पत्नी की मौत के मामलों को फिर से खोलने की तैयारी में है.पुराने केस फाइल्स और मेडिकल रिपोर्ट को फिर से जांचा जाएगा.अगर सबूत मिलते हैं, तो विशाल पर तीन हत्याओं की साजिश रचने और हत्या करने का केस बन सकता है.
गिरफ्तारी और आगे की जांच
पुलिस ने विशाल कुमार और उसके सहयोगी सतीश कुमार को मेरठ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हापुड़ पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी संभावना है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
हापुड़ पुलिस का कहना है कि जल्द ही पुरानी मौतों की भी पुनः जांच की जाएगी.यह मामला ना सिर्फ़ बीमा धोखाधड़ी का है, बल्कि एक कुटिल साजिश की भी पड़ताल है, जिसमें लालच ने इंसान को अंधा कर दिया.