Trending News

KBC में 50 लाख जीतकर भी 1 करोड़ से पीछे हटे CRPF अफसर, नक्सली मुठभेड़ में आंख तक गंवाने का था खतरा; जानिए कौन हैं मनोज यादव

गाजीपुर: ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर बुधवार और गुरुवार को CRPF के डिप्टी कमांडेंट मनोज कुमार यादव ने अपने ज्ञान के साथ-साथ साहस की कहानी से भी सबका ध्यान खींचा। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले मनोज ने अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर लगातार 14 सवालों के सही जवाब दिए और 50 लाख रुपये जीत लिए। इसके बाद उनके सामने 1 करोड़ रुपये का सवाल आया, लेकिन जवाब को लेकर निश्चित न होने और कोई लाइफलाइन बाकी न रहने पर उन्होंने खेल छोड़ने का फैसला किया। मनोज की जिंदगी में ऐसे कई मौके आए हैं, जब उन्होंने मुश्किल हालात में हिम्मत और अनुशासन का परिचय दिया।

1 करोड़ के सवाल पर क्यों छोड़ दिया खेल?

50 लाख रुपये जीतने के बाद अमिताभ बच्चन ने मनोज के सामने 1 करोड़ रुपये का 15वां सवाल रखा। सवाल अमेरिका के इतिहास और भूगोल से जुड़ा था। इसमें पूछा गया था कि किस खोजकर्ता और राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर गोल्डन गेट ब्रिज का नाम पड़ा?

मनोज को इसका पक्का जवाब मालूम नहीं था और उनके पास कोई लाइफलाइन भी नहीं बची थी। ऐसे में जीती हुई रकम को जोखिम में डालने के बजाय उन्होंने क्विट करने का फैसला किया। उनके इस फैसले की स्टूडियो में मौजूद लोगों और अमिताभ बच्चन ने भी सराहना की।

मनोज का लगाया अनुमान भी निकला गलत

खेल छोड़ने के बाद अमिताभ बच्चन ने मनोज से केवल अनुमान लगाने को कहा। मनोज ने विनफील्ड स्कॉट का नाम चुना, लेकिन यह जवाब गलत था। इस सवाल का सही जवाब जॉन फ्रेमोंट था।

जॉन सी. फ्रेमोंट 1856 में अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रहे थे और चुनाव में जेम्स बुकानन से हार गए थे। इतिहास के मुताबिक, 1846 में फ्रेमोंट ने सैन फ्रांसिस्को के समुद्री जलडमरूमध्य के लिए ‘गोल्डन गेट’ नाम इस्तेमाल किया था। उन्होंने इसकी तुलना इस्तांबुल के गोल्डन हॉर्न हार्बर से की थी। बाद में इसी जगह बने पुल का नाम गोल्डन गेट ब्रिज रखा गया, जो 1937 में बनकर तैयार हुआ।

कोबरा कमांडो की ट्रेनिंग कितनी कठिन होती है?

मनोज कुमार यादव CRPF की श्रीनगर स्थित 79वीं बटालियन, अहमदाबाद की 100वीं आरएएफ, झारखंड की 157वीं बटालियन और नक्सल मोर्चे पर तैनात कोबरा यूनिट में सेवाएं दे चुके हैं। फिलहाल वह गुरुग्राम स्थित CRPF इंटेलिजेंस स्कूल में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

KBC में उन्होंने कोबरा कमांडो की कठिन ट्रेनिंग के बारे में भी बताया। उनके मुताबिक, जवानों को घने जंगलों में बिना बाहरी मदद के कई दिनों तक कठिन परिस्थितियों में जीवित रहने के लिए तैयार किया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान भूख-प्यास से जूझने और मुश्किल हालात में खुद को बचाए रखने की क्षमता विकसित कराई जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि जवानों को जरूरत पड़ने पर जिंदा सांप तक खाने की ट्रेनिंग दी जाती है।

नक्सलियों से मुठभेड़ में आंख तक पहुंच गया था छर्रा

मनोज ने अपनी जिंदगी का वह दौर भी साझा किया, जब झारखंड में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान उनकी जान पर बन आई थी। उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में बम या गोली का एक छर्रा उनकी दाईं आंख में जा घुसा था।

चोट इतनी गंभीर थी कि छर्रा आंख की बेहद नाजुक नस यानी रेटिना तक पहुंच गया था। डॉक्टरों ने उनकी आंख की रोशनी हमेशा के लिए जाने और चोट के जानलेवा साबित होने की आशंका जताई थी। लंबे इलाज के बाद मनोज ठीक हुए और उन्होंने दोबारा वर्दी पहनकर देश सेवा जारी रखी।

50 लाख बचाने का फैसला बना अनुशासन की मिसाल

मनोज यादव का KBC का सफर सिर्फ 50 लाख रुपये जीतने की कहानी नहीं रहा। 1 करोड़ रुपये के सवाल पर जोखिम लेने के बजाय उन्होंने अपनी स्थिति को समझते हुए खेल छोड़ना बेहतर समझा। अगर वह गलत जवाब देते तो उनकी रकम घटकर 3 लाख 20 हजार रुपये रह जाती।

ऐसे में 50 लाख रुपये लेकर बाहर निकलने का फैसला उनके आत्मविश्वास और संयम को दिखाता है। गाजीपुर से निकलकर CRPF में जिम्मेदारी निभाने और फिर KBC के मंच पर अपने ज्ञान का प्रदर्शन करने तक मनोज कुमार यादव की कहानी दर्शकों के लिए प्रेरणादायक बन गई है।

vineet verma

Recent Posts

एक तरफ ट्रंप की धमकी, दूसरी तरफ ईरान का पलटवार! क्या पिकएक्स माउंटेन बनेगा अगला युद्धक्षेत्र?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक नई धमकी ने ईरान और अमेरिका के बीच तनाव…

3 hours ago

5 सितंबर सिर्फ एक तारीख नहीं: जब देश के राष्ट्रपति ने अपने ही जन्मदिन को बना दिया शिक्षकों का सबसे बड़ा सम्मान!

“गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागूं पांय…” कबीर का यह दोहा सदियों से गुरु के…

3 hours ago

सहारनपुर में सुबह होते ही बड़ा खेल! मस्जिद पर चला बुलडोजर, इकरा हसन हाउस अरेस्ट

सहारनपुर की एक 70 साल पुरानी मस्जिद को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सिर्फ प्रशासनिक…

4 hours ago