Trending News

एक साल बाद भी सरकारी बंगले का इंतजार, निजी फार्महाउस में रह रहे जगदीप धनखड़; पूर्व उपराष्ट्रपति को क्यों नहीं मिला आवास?

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिए एक साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी जगदीप धनखड़ को सरकारी आवास नहीं मिला है। पूर्व उपराष्ट्रपति फिलहाल दिल्ली के छतरपुर में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) नेता अभय सिंह चौटाला के निजी फार्महाउस में रह रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पद छोड़ने के बाद से उनके सरकारी आवास को लेकर स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

जुलाई 2025 में अचानक दिया था इस्तीफा

जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 की शाम अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे इस्तीफे में उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए कहा था कि वह अब अपने स्वास्थ्य और चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता देना चाहते हैं।

उनका इस्तीफा उस समय आया था, जब उन्होंने राज्यसभा में दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ जांच समिति गठित करने से जुड़ा प्रस्ताव स्वीकार किया था। इससे पहले लोकसभा में भी सभी दलों के समर्थन वाला इसी तरह का प्रस्ताव स्वीकार किया गया था।

हालांकि, विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया था कि धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया था।

पूर्व उपराष्ट्रपति को आजीवन सरकारी आवास का प्रावधान

नियमों के मुताबिक, सेवानिवृत्त उपराष्ट्रपति को जीवनभर बिना किराए के सुसज्जित सरकारी आवास देने का प्रावधान है। पूर्व उपराष्ट्रपति अपनी पसंद के स्थान पर आवास ले सकते हैं। इस आवास के लिए पानी और बिजली का शुल्क भी नहीं देना होता।

सरकारी आवास उपलब्ध होने पर पूर्व उपराष्ट्रपति को टाइप-VIII श्रेणी का बंगला आवंटित किया जाता है। अगर किसी स्थान पर ऐसा आवास उपलब्ध नहीं है, तो वहां उपलब्ध सबसे उच्च श्रेणी का सरकारी आवास दिया जा सकता है।

वहीं, अगर किसी जगह सरकारी आवास उपलब्ध नहीं हो तो केंद्र सरकार करीब 2,000 वर्ग फुट के रहने योग्य क्षेत्र वाला मकान लीज पर भी ले सकती है।

आवास के लिए MoHUA को देना होता है अनुरोध

पूर्व उपराष्ट्रपति के लिए आवास का प्रावधान सामान्य पूल यानी जनरल पूल रेजिडेंशियल एकोमोडेशन (GPRA) के तहत विशेष पात्रता के आधार पर किया जाता है। इसके लिए उन्हें आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) को अनुरोध देना होता है।

MoHUA के अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी विकास के लिए हाल में गठित नए सचिवालय को धनखड़ की ओर से सरकारी आवास को लेकर किसी अनुरोध की जानकारी नहीं है।

सितंबर 2025 से चौटाला के फार्महाउस में रह रहे हैं

धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के करीब छह सप्ताह बाद 1 सितंबर 2025 को अभय सिंह चौटाला के फार्महाउस में रहना शुरू किया था। अभय चौटाला हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के बेटे हैं।

उस समय धनखड़ के करीबी लोगों ने फार्महाउस में रहने को अस्थायी व्यवस्था बताया था। लेकिन करीब एक साल बीत जाने के बाद भी वह वहीं रह रहे हैं।

पहले VP एन्क्लेव में रहते थे धनखड़

जगदीप धनखड़ देश के पहले उपराष्ट्रपति थे, जो चर्च रोड स्थित नवनिर्मित VP एन्क्लेव में रहे थे। उनके पद से हटने के कुछ महीने बाद संपदा विभाग के अधिकारियों ने संकेत दिया था कि उनके लिए लुटियंस दिल्ली के बड़े सरकारी आवासों में शामिल टाइप-VIII बंगला तैयार रखा गया था।

इसके बावजूद अब तक उन्हें सरकारी आवास आवंटित नहीं हुआ है।

आवास को लेकर अधिकारियों के जवाब भी साफ नहीं

रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मामले पर कोई जवाब नहीं दिया। वहीं, संपदा निदेशालय के अधिकारियों का कहना है कि यदि धनखड़ के सरकारी आवास के लिए कोई अनुरोध किया गया है तो संभव है कि वह मंत्री स्तर से शुरू हुआ हो।

हालांकि, संपदा निदेशालय को अभी तक ऐसे किसी अनुरोध की जानकारी नहीं मिली है। धनखड़ के कार्यालय ने भी इस सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं की कि उपराष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद उनके लिए सरकारी आवास आवंटित करने का प्रस्ताव भेजा गया था या नहीं।

vineet verma

Recent Posts

Dussehra 2026: 20 अक्टूबर को मनेगा दशहरा, जानें रावण दहन का शुभ मुहूर्त

नई दिल्ली: दशहरा यानी विजयादशमी को लेकर इस साल तारीख के संबंध में लोगों के…

2 hours ago

मंगल के चंद्रमा से मिट्टी लाएगा जापान, खुलेगा सौरमंडल का बड़ा रहस्य! जानिए क्या है MMX मिशन

नई दिल्ली: अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया में जापान एक महत्वाकांक्षी अभियान की तैयारी कर रहा…

2 hours ago

फ्रांस में हिंसा पर अमेरिका में घमासान, जेडी वेंस ने इमिग्रेशन को घेरा तो रो खन्ना ने उठाए आर्थिक असमानता पर सवाल

नई दिल्ली: फ्रांस में हिंसा और आगजनी की घटनाओं ने अमेरिका में नई राजनीतिक बहस…

2 hours ago

चलती ट्रेन से उतरने में बिगड़ा संतुलन, ट्रैक पर गिरने ही वाली थी महिला… RPF की सोनल इंगले ने ऐसे बचाई जान, देखें वीडियो

अकोला: महाराष्ट्र के अकोला रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन से…

2 hours ago