भारतीय बॉक्सरों ने वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर गोल्ड मेडल की हैट्रिक लगाई.भारत की मीनाक्षी हूडा ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में सोना जीतकर देश का मान बढ़ाया, जबकि प्रीती पवार ने 54 किग्रा और अरुंधती चौधरी ने 70 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
मीनाक्षी हूडा ने गुरुवार को फाइनल में उज्बेकिस्तान की फरजोना फोजीलोवा को 5-0 के सर्वसम्मति फैसले से हराकर पहला स्वर्ण पदक जीता.
नई दिल्ली में चल रहे वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स में मीनाक्षी के प्रदर्शन को देखकर दर्शक भी मंत्रमुग्ध हो गए। स्वर्ण जीतने के बाद मीनाक्षी ने कहा, “शुरुआत में मैं नर्वस थी, लेकिन क्राउड को देखकर जोश से भर गई. खुशी है कि देश के लिए गोल्ड मेडल जीत सकी.”
इसी दौरान प्रीती पवार ने महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में इटली की सिरिन चराबी को पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया. प्रीती ने पूरे खेल में अपना दबदबा कायम रखते हुए फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया.
महिलाओं के 70 किग्रा वर्ग के फाइनल में भारत की अरुंधती चौधरी ने उज्बेकिस्तान की अजीजा जोकिरोवा को हराकर भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक जीत लिया.