बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और उन पर हो रहे अत्याचार के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। शेख हसीना के सत्ता छोड़ने के बाद भी वहां के हालात सुधरने के बजाय और खराब हो गए हैं।
हाल ही में बांग्लादेश के छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद हिंसक घटनाएं फिर बढ़ गई हैं और देश एक बार फिर तनाव और आग की स्थिति में है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रियंका गांधी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा,“क्या प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री हैं? उन्हें प्रधानमंत्री बनाकर देखिए, फिर देखिए कि वह इंदिरा गांधी की तरह कैसे जवाब देती हैं। वह प्रियंका गांधी हैं।
उनके नाम के पीछे गांधी लगा है। वह इंदिरा गांधी की पोती हैं, जिन्होंने पाकिस्तान को इतना नुकसान पहुंचाया कि आज भी उसके ज़ख्म भरे नहीं हैं। यदि उन्हें प्रधानमंत्री बनाया जाए तो वह कैसे जवाब देंगी, यह देखने की बात है।”
इमरान मसूद ने बीजेपी की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपा यह सवाल उठाती रही है कि प्रियंका गांधी गाजा पर बोलती हैं, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर चुप क्यों हैं।
प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर बढ़ती हिंसा को लेकर सरकार पर उठाया सवाल
हाल ही में बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार से हिंदू, ईसाई और बौद्ध अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर ध्यान देने का आग्रह किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि बांग्लादेश में भीड़ द्वारा दीपू चंद्र दास की बेरहमी से हत्या अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सभ्य समाज में धर्म, जाति या पहचान के आधार पर भेदभाव, हिंसा और हत्या मानवता के खिलाफ अपराध हैं।
प्रियंका ने केंद्र सरकार से कहा कि उसे पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश सरकार के साथ गंभीरता से मुद्दा उठाना चाहिए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए कदम उठाने चाहिए।