वाशिंगटन: अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में हुए भीषण विमान हादसे से पहले 20 साल की को-पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुएरास ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मदद की गुहार लगाई थी। लियरजेट विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ पल पहले हुई रेडियो बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें नथालिया को विमान में बर्फ जमने, तेज झटके लगने और तेजी से नीचे गिरने की जानकारी देते सुना जा सकता है। उन्होंने आखिरी क्षणों में चेतावनी देते हुए कहा था, “हम जमीन से टकराने वाले हैं।” इस हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई।
हादसा रविवार को दक्षिण फ्लोरिडा में हुआ था। विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें विस्फोट हो गया। हादसे से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग ने दुर्घटना के आखिरी पलों की स्थिति सामने रखी है। यह रिकॉर्डिंग LiveATC.net के जरिए सामने आई है।
हादसे में जान गंवाने वाली को-पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुएरास महज 20 साल की थीं। उनका परिवार मूल रूप से ब्राजील का है और फ्लोरिडा में रहता है। नथालिया ने कम उम्र में ही विमान उड़ाने का प्रशिक्षण हासिल कर लिया था।
उनकी मां के मुताबिक, नथालिया जनवरी में 21 साल की होने वाली थीं। वह पिछले नौ महीनों से कमर्शियल पायलट के तौर पर काम कर रही थीं। बेटी की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नथालिया ने साल 2023 में अपना पायलट लाइसेंस हासिल किया था। उस समय वह वेस्ट बोका रैटन कम्युनिटी हाई स्कूल में सीनियर छात्रा थीं और उनकी उम्र करीब 17 साल थी।
बताया गया है कि उन्हें कार चलाने का लाइसेंस मिलने से पहले ही निजी विमान उड़ाने का लाइसेंस मिल चुका था। कम उम्र में विमानन क्षेत्र में कदम रखने के कारण नथालिया पहले भी स्थानीय मीडिया में चर्चा में रही थीं।
रेडियो रिकॉर्डिंग के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले नथालिया ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया था कि विमान पर बर्फ जम रही है। उस समय बाहर का तापमान माइनस 47 डिग्री सेल्सियस बताया गया था।
उन्होंने विमान में तेज झटके लगने यानी टर्बुलेंस की जानकारी भी दी थी। रिकॉर्डिंग में बताया गया कि इन झटकों के दौरान विमान करीब 700 फीट तक ऊपर उछल गया था। इसके बाद विमान की स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी।
रिकॉर्डिंग में नथालिया को आपातकालीन संदेश देते हुए सुना जा सकता है। उन्होंने चिल्लाकर कहा, “मेडे, मेडे! हम 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहे हैं!”
इसके कुछ ही पलों बाद उन्होंने विमान के ओवरस्पीड की स्थिति में होने की बात कही। रिकॉर्डिंग के मुताबिक, उन्होंने कहा, “हम ओवरस्पीड की स्थिति में हैं, 20,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहे हैं… हम जमीन से टकराने वाले हैं।”
ये विमान के आखिरी पलों में दर्ज हुईं बेहद अहम चेतावनियां थीं। इसके बाद जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
ADS-B एक्सचेंज के फ्लाइट डेटा के मुताबिक, दुर्घटना से पहले लियरजेट 60 विमान ने बेहद कम समय में काफी ऊंचाई खो दी थी। आंकड़ों के अनुसार, विमान करीब एक मिनट के भीतर 27,000 फीट नीचे गिर गया था।
फिलहाल सामने आई रेडियो रिकॉर्डिंग और फ्लाइट डेटा हादसे के आखिरी क्षणों की जानकारी देते हैं। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की पूरी वजह क्या थी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सोमवार को ओमान के तट के पास भारतीय…
त्योहारी सीजन में अगर आप भी सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं और आसमान…
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर सोमवार यानि 2 नवंबर को पुलिसकर्मियों ने तबादले के आदेश…
काठमांडू: नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया।…
नई दिल्ली: दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर दिल्ली-एनसीआर में इस बार सुप्रीम कोर्ट ने…
नई दिल्ली: हिंदू धर्म में पवित्र तीर्थ स्थलों पर देह त्यागने को विशेष महत्व दिया…