संसद का शीतकालीन सत्र इस समय बेहद गर्म है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच लगातार टकराव देखने को मिल रहा है। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, वहीं विपक्ष की तरफ से अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरने की कोशिश की।
इसके बाद राहुल गांधी ने वोट चोरी, चुनाव आयोग की भूमिका और लोकतंत्र की पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर मोदी सरकार पर तीखे सवाल दागे।
राहुल के आरोपों के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कल संसद में पलटवार किया। शाह ने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का एक-एक कर जवाब देने की कोशिश की और अपने भाषण में कई बार कांग्रेस व नेहरू-गांधी परिवार का जिक्र करते हुए राहुल पर निशाना साधा।
लेकिन अब राहुल गांधी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। मीडिया से बातचीत में राहुल ने कहा कि “अमित शाह लोकसभा में बहुत नर्वस नजर आए। उन्होंने बहस की चुनौती का कोई जवाब नहीं दिया। यह पूरे देश ने देखा कि अमित शाह मानसिक दबाव में हैं।”
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। आने वाले दिनों में संसद के बचे हुए सत्र में बीजेपी और कांग्रेस किन नए मुद्दों पर भिड़ेंगी, यह देखना दिलचस्प होगा। हालाँकि एक बात साफ है, राहुल गांधी इस सत्र में मोदी सरकार पर लगातार हमलावर रहने की रणनीति पर कायम रहेंगे।