भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में खेलते हुए नज़र आ रहे हैं। टेस्ट और टी-20 क्रिकेट से दूरी बनाने के बाद जब भी विराट मैदान पर उतरते हैं, तो दर्शकों के बीच उन्हें देखने का जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है।
बीसीसीआई के निर्देश के बाद विराट कोहली अब घरेलू क्रिकेट में भी खेलते हुए दिखाई देंगे। वह लंबे समय बाद विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इस दौरान उनका मुकाबला दिल्ली और आंध्र प्रदेश की टीम के बीच होगा।
यह मैच बेंगलुरु में खेला जाना है, जहां दिल्ली की ओर से विराट कोहली और ऋषभ पंत दोनों मैदान पर उतरते नज़र आएंगे। इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों को लेकर स्थानीय क्रिकेट फैंस में खासा उत्साह है। हालांकि, फैंस के लिए एक निराशाजनक खबर भी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चिन्नास्वामी स्टेडियम में दर्शकों को मैच देखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यानी विराट कोहली और ऋषभ पंत का यह मुकाबला खाली स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में क्रिकेट प्रेमी अपने चहेते खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए सीधे तौर पर नहीं देख पाएंगे।
गौरतलब है कि विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली और ऋषभ पंत दिल्ली टीम के अहम स्तंभ माने जा रहे हैं और दोनों से टीम को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
ESPN की रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक सरकार ने इस मामले को लेकर कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली और आंध्र प्रदेश के बीच होने वाला विजय हजारे ट्रॉफी मुकाबला, जिसमें विराट कोहली के खेलने की संभावना है, चिन्नास्वामी स्टेडियम में बिना दर्शकों के ही कराया जाएगा।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को बैक-अप वेन्यू के तौर पर रखा गया है। यदि चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले आगामी मैचों के लिए पुलिस से अनुमति नहीं मिलती, तो ऐसे में मुकाबलों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में शिफ्ट किया जा सकता है।अब सवाल उठता है कि सरकार ने यह फैसला क्यों लिया। ESPN क्रिकइंफो के मुताबिक, विराट कोहली और ऋषभ पंत की जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए कर्नाटक सरकार किसी भी तरह की अव्यवस्था या भगदड़ की आशंका नहीं लेना चाहती। इसी वजह से सरकार ने KSCA को मुकाबला खाली स्टेडियम में कराने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि IPL 2025 के बाद RCB की विक्ट्री परेड के दौरान बेंगलुरु में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा था। इस दौरान मची भगदड़ में कई लोग घायल हुए थे, जबकि 11 लोगों की जान चली गई थी। इसी घटना के बाद से चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक दर्शकों के साथ किसी बड़े क्रिकेट मुकाबले का आयोजन नहीं हो सका है।