रणवीर प्रसाद को ऊर्जा विभाग के साथ चार प्रमुख पावर कॉरपोरेशन की कमान, अमित कुमार घोष उच्च शिक्षा भेजे गए; वी हेकाली झिमोमी संभालेंगी स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा
उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में रविवार को बड़ा फेरबदल हुआ है। राज्य सरकार ने अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के 10 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में ऊर्जा, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, कृषि, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, परिवहन और तकनीकी शिक्षा जैसे अहम विभाग शामिल हैं।
सबसे बड़ा बदलाव ऊर्जा और स्वास्थ्य विभाग में हुआ है। रणवीर प्रसाद को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष का दायित्व भी सौंपा गया है।
डॉ. आशीष कुमार गोयल को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग से हटाकर अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन बनाया गया है। वह ऊर्जा विभाग के साथ प्रमुख बिजली निगमों की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। अब ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े इन अहम पदों की जिम्मेदारी रणवीर प्रसाद को दी गई है।
ऊर्जा विभाग में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब प्रदेश के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति को लेकर शिकायतें और सवाल लगातार सामने आते रहे हैं। हालांकि, सरकार के आदेश में तबादले का कोई अलग कारण दर्ज नहीं किया गया है।
अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा विभाग से हटाकर अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा बनाया गया है।
उनके स्थान पर वी हेकाली झिमोमी को चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। झिमोमी इससे पहले वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रमुख सचिव थीं।
महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को उच्च शिक्षा विभाग से हटाकर प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन बनाया गया है। इस तरह झिमोमी के स्थान पर अब वन एवं पर्यावरण विभाग की जिम्मेदारी अग्रवाल संभालेंगे।
अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के मौजूदा विभागों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के साथ अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
डॉ. एमकेएस सुंदरम को कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
वहीं, कृषि से जुड़े इन विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे रविंद्र को हटाकर प्रमुख सचिव पंचायती राज बनाया गया है।
अनिल कुमार को पंचायती राज विभाग से हटाकर प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, उपभोक्ता मामले तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही अमित गुप्ता को स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के साथ प्राविधिक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इस फेरबदल के बाद यूपी सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है। खासतौर पर ऊर्जा और स्वास्थ्य विभाग में हुए बदलाव को इस तबादला सूची का सबसे प्रमुख हिस्सा माना जा रहा है।
पंजाब के राजपुरा के पास चलती ट्रेन में लगी आग, तीन कोच बुरी तरह प्रभावित;…
आधार की जगह वोटर ID से सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के बयान पर भड़के…
अगर आप कम कीमत में प्रीमियम फीचर्स वाला 5G स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे…
इजरायल में सत्ता परिवर्तन की बढ़ी संभावना, राष्ट्रपति इसाक हर्जोग रविवार को करेंगे सरकार गठन…
दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। राजधानी की…
दिवाली का त्योहार हो और बात फैशन की हो, तो हर कोई कुछ खास पहनना…