साउथ के मशहूर अभिनेता राम चरण की अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर फैंस का क्रेज हाई है। इसी बीच फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता की आंख में चोट लगने की खबर सामने आने के बाद फैंस थोड़े चिंतित हो गए थे। अब फिल्म की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया है कि राम चरण पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही शूटिंग पर वापसी करने वाले हैं।
जारी किए गए आधिकारिक बयान में मेकर्स ने बताया कि शूटिंग के दौरान राम चरण की बाईं आंख में हल्की चोट आई थी। एहतियात के तौर पर एक छोटा मेडिकल प्रोसीजर किया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य है। टीम ने फैंस से अपील की है कि इस मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि अभिनेता अब बेहतर महसूस कर रहे हैं और जल्द ही काम शुरू करेंगे।

दिलचस्प बात यह है कि चोट लगने के बावजूद राम चरण ने शूटिंग नहीं रोकी और अपने काम के प्रति समर्पण दिखाते हुए सेट पर मौजूद रहे। उनकी यही प्रोफेशनल अप्रोच फैंस को काफी प्रभावित कर रही है। फिलहाल फिल्म की शूटिंग हैदराबाद में जारी है और अगले शेड्यूल में एक खास गाने की शूटिंग की तैयारी की जा रही है।
इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक बिहाइंड-द-सीन वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राम चरण डबिंग स्टूडियो में अपने डायलॉग रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनका फोकस और किरदार में डूबने का अंदाज़ फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू सना कर रहे हैं। यह फिल्म 1980 के दशक के आंध्र प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा है, जिसमें एक साधारण गांव के युवक की कहानी दिखाई जाएगी। कहानी में यह किरदार खेल के जरिए अपनी कम्युनिटी को एकजुट करता है और एक मजबूत विरोधी से मुकाबला करता है। फिल्म में जान्हवी कपूर और शिवराजकुमार भी नजर आने वाले हैं।

फिल्म के गानों को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ‘चिकिरी चिकिरी’ और ‘राय राय रा रा’ जैसे गानों में राम चरण की एनर्जी और डांस मूव्स की खूब चर्चा हो रही है। चिरंजीवी ने भी सोशल मीडिया पर गानों की तारीफ करते हुए पूरी टीम की सराहना की है। अब फैंस को 27 मार्च, राम चरण के जन्मदिन पर फिल्म के टीज़र का बेसब्री से इंतजार है