कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के बाद आज असम पहुंचे जहां उन्होने मशहूर गायक जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि दी. राहुल गांधी दोपहर करीब 1:30 बजे गुवाहाटी के LGBI एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां से वे सीधे सोनापुर स्थित जुबिन गर्ग की समाधि स्थल पर गए. वहां उन्होंने जुबीन को पुष्प अर्पित कर उनकी याद में कुछ समय मौन धारण किया. इस दौरान राहुल गांधी ने यह स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल जुबिन गर्ग के प्रति सम्मान व्यक्त करना है, न कि किसी राजनीतिक गतिविधि में शामिल होना.
श्रद्धांजलि देने के बाद राहुल गांधी काहिलिपारा स्थित जुबिन गर्ग के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने परिवार के प्रति संवेदनाएं जताते हुए कहा कि ‘जुबिन गर्ग असम और पूरे देश के लिए एक अमूल्य धरोहर थे’.
इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि वह राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मानवता और सम्मान की भावना के साथ इस यात्रा पर आए हैं. उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि जुबिन गर्ग की मौत की जांच निष्पक्ष रूप से की जाए ताकि सभी सवालों का जवाब मिल सके.
राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर असम में राजनीतिक हलचल भी देखी गई. बीजेपी के असम प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैका ने राहुल गांधी की इस यात्रा पर आपत्ति जताते हुए इसे “विभाजन और अशांति फैलाने” की कोशिश बताया. हालांकि राहुल गांधी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है जब जुबिन गर्ग की मौत की जांच को लेकर असम सरकार ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है.