कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकारों पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए देशभर में भाजपा शासित राज्यों में भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और आम जनता की बदहाल स्थिति का आरोप लगाया।
रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा कि ‘देशभर में भ्रष्ट डबल इंजन सरकारों ने जनता की जिंदगी तबाह कर दी है। भाजपा की राजनीति में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार और अहंकार फैल चुका है, जहां गरीब, मज़दूर और मध्यमवर्ग की जिंदगी सिर्फ आंकड़ों तक सीमित कर दी गई है’।
राहुल गांधी ने उत्तराखंड की अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि ‘आखिर सत्ता का संरक्षण भाजपा के किस “VIP” को बचा रहा है। कानून सबके लिए बराबर होने का दावा किया जाता है, लेकिन जब सत्ता से जुड़े लोग आरोपी होते हैं तो न्याय की रफ्तार थम जाती है’। उन्होंने उत्तर प्रदेश के उन्नाव कांड को भी याद दिलाया, जहां पीड़िता को न्याय के लिए लंबी और दर्दनाक लड़ाई लड़नी पड़ी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सत्ता के घमंड में अपराधियों को बचाने की कोशिशें की गईं।
अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने देश के कई राज्यों में दूषित पानी से हो रही मौतों और बीमारियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा कि ‘इंदौर में जहरीला पानी पीने से हुई मौतें हों या गुजरात, हरियाणा और दिल्ली में काले और दूषित पानी की शिकायतें हो , हर तरफ आम जनता की सेहत खतरे में है’।
राहुल गांधी ने सरकारी अस्पतालों में नवजात बच्चों की मौत, खांसी के सिरप से बच्चों की जान जाने और सरकारी स्कूलों की गिरती छतों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘ये महज लापरवाही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की सीधी मार है’।
राहुल गांधी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डबल इंजन सिर्फ चंद अरबपतियों के लिए चल रहा है। आम भारतीय के लिए यह डबल इंजन सरकार विकास नहीं, बल्कि तबाही की रफ्तार बन चुकी है, जो हर दिन किसी न किसी की जिंदगी को कुचल रही है’।