विदेश यात्रा कई लोगों के लिए सिर्फ एक सफर नहीं, बल्कि लंबे समय से देखा गया सपना होती है। पासपोर्ट पर पहला स्टांप, एयरपोर्ट का नया अनुभव, अलग संस्कृति से सामना और उन जगहों को अपनी आंखों से देखना जिन्हें अब तक केवल किताबों, तस्वीरों या सोशल मीडिया पर देखा गया हो। बेशक, ये सब पहली इंटरनेशनल ट्रिप को बेहद खास बना देते हैं लेकिन अक्सर पहली बार विदेश जाने का उत्साह इतना ज्यादा होता है कि लोग छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, और यही बातें बाद में परेशानी का कारण बन सकती हैं।अगर आप भी पहली बार विदेश यात्रा की तैयारी कर रहे हैं, तो कुछ सामान्य गलतियों से बचना जरूरी है ताकि आपकी ट्रिप आरामदायक और यादगार बन सके।

सोच-समझ कर करें पैकिंग-
पहली बार विदेश जाने वाले कई लोग यह सोचकर ज्यादा सामान रख लेते हैं कि हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए। ज़रुरत से ज़्यादा कपड़े, जूते या अनावश्यक सामान बैग को भारी बना देते हैं। इससे न सिर्फ एयरलाइन की अतिरिक्त बैगेज फीस देनी पड़ सकती है, बल्कि सफर के दौरान भारी लगेज संभालना भी मुश्किल हो जाता है। बेहतर है कि मौसम और ट्रिप के हिसाब से सीमित और इस्तेमाल होने वाला सामान ही पैक करें।

छोटी चीज़ों का भी रक्खें ख़ास ध्यान-
कई बार लोग कपड़ों पर तो पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन छोटी और जरूरी चीजें भूल जाते हैं। मोबाइल चार्जर, यूनिवर्सल एडेप्टर, जरूरी दवाइयां, पासपोर्ट की कॉपी, ट्रैवल डॉक्युमेंट्स और बेसिक टॉयलेटरी ऐसी चीजें हैं जिन्हें भूलने पर परेशानी हो सकती है। कई देशों में ये सामान आसानी से नहीं मिलता या काफी महंगा हो सकता है। इसलिए यात्रा से पहले एक छोटी चेकलिस्ट जरूर बना लें।
बहुत भरा हुआ शेड्यूल न बनाएं
पहली विदेश यात्रा में लोग अक्सर कम समय में ज्यादा जगहें देखने की कोशिश करते हैं। एक ही दिन में कई स्थानों का प्लान बना लेना सुनने में अच्छा लगता है, लेकिन असल में इसमें थकान ज्यादा होती है। नए शहर में दूरी, ट्रैफिक, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और कतारों में लगने वाला समय आपके प्लान को प्रभावित कर सकता है। इसलिए दिन में सीमित जगहें रखें और सफर को आराम से जीने की कोशिश करें।

ट्रिप में आराम के लिए भी समय रखें
बहुत से नए यात्री फ्लाइट और होटल की बुकिंग पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन यह नहीं सोचते कि लगातार घूमना शरीर को थका सकता है। हर दिन को इतना व्यस्त न बनाएं कि अपने आसपास की जगहों को महसूस करने का समय ही न मिले। थोड़ी फुर्सत, आराम और अचानक मिलने वाले अनुभव ही यात्रा को खास बनाते हैं। सही तैयारी के साथ की गई पहली विदेश यात्रा न सिर्फ आसान होती है, बल्कि लंबे समय तक याद भी रहती है।