कभी हॉकी की दुनिया में अपना दबदबा रखने वाले पाकिस्तान की टीम आज प्रशासनिक लापरवाही और कंगाली के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया दौरे से वापस लौटे टीम के कप्तान अम्माद शकील बट ने लाहौर एयरपोर्ट पर जो खुलासा किया, उसने पूरे खेल जगत को सन्न कर दिया है।
मैदान पर ड्रिबलिंग नहीं, किचन में बर्तन मांज रहे थे खिलाड़ी
कप्तान शकील बट ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि ऑस्ट्रेलिया में टीम को किसी होटल में नहीं, बल्कि ऐसे अपार्टमेंट्स में ठहराया गया था जहाँ बुनियादी सुविधाएं तक नदारद थीं। शकील ने भावुक होते हुए कहा की:
“एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जब मैच खेलने जाता है, तो उसका पूरा ध्यान खेल पर होना चाहिए। लेकिन हमें मैच से पहले खुद किचन साफ करना पड़ रहा था और इस्तेमाल किए गए बर्तन धोने पड़ रहे थे। क्या इस मानसिक स्थिति के साथ कोई टीम विश्व स्तर पर मुकाबला कर सकती है?”
होटल बुकिंग का पैसा तक नहीं भरा
जब टीम सिडनी और कैनबरा पहुंची, तो उन्हें पता चला कि फेडरेशन ने होटल का पेमेंट ही नहीं किया है। नतीजा ये हुआ कि प्लेयर्स को घंटों तक अपना सामान लेकर सड़कों पर खड़ा रहना पड़ा। सिडनी एयरपोर्ट पर भी खिलाड़ियों ने लगभग 14 घंटे बिना किसी आराम या उचित भोजन के बिताए।
कप्तान का अल्टीमेटम
लगातार मिल रही हार और इस अपमानजनक व्यवहार से तंग आकर कप्तान शकील बट ने सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि: मौजूदा मैनेजमेंट के रहते टीम का भविष्य खत्म होने वाला है।