कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के न्यू हाईटेक सिटी में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पति ने अपनी पत्नी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के पीछे पति का शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य पुरुष के साथ अवैध संबंध हैं।
आरोपी सचिन भदौरिया (22) ने पुलिस के सामने खुद पेश होकर कहा, “साहब, मैंने अपनी पत्नी का गला घोंट दिया है। उसकी लाश घर पर कंबल में लिपटी पड़ी है।”
सचिन ने बताया कि दोनों की शादी केवल चार महीने पहले हुई थी और यह एक लव मैरिज थी। हालांकि, उनके बीच अवैध संबंधों को लेकर मनमुटाव बढ़ गया। वारदात के बाद सचिन लगभग चार घंटे इधर-उधर भटका और भागने की भी कोशिश की, लेकिन बाद में उसने सरेंडर करने का मन बनाया।
सचिन ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी श्वेता सिंह से गांव में कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद वह सूरत चला गया और प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करने लगा। बाद में वह महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा में किराए का कमरा लेकर ऑटो चलाने लगा।
सचिन का कहना है कि उसके घर के सामने इंजीनियरिंग कर रहे 2-3 लड़के रहते थे, और उसे शक था कि उसकी पत्नी उनके साथ अवैध संबंध में है। शुक्रवार को उसने अपनी पत्नी को कथित रूप से रंगे हाथ पकड़ा और गुस्से में आकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बताया कि पत्नी की लाश चारपाई पर कंबल में मिली।