IPL 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को महज 1 रन से हराकर जीत तो दर्ज कर ली, लेकिन मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल के लिए एक बुरी खबर सामने आई। BCCI ने “स्लो-ओवर-रेट” के कारण गिल पर भारी जुर्माना लगाया है।
12 लाख रुपये का लगा जुर्माना
IPL द्वारा जारी ऑफिसियल बयान के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में फिक्स्ड टाइम लिमिट के अन्दर ओवर पूरे न कर पाने की वजह से शुभमन गिल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
“चूंकि आईपीएल की कोड ऑफ़ कंडक्ट के तहत मिनिमम ओवर गति के अनुसार, स्लो ओवर-रेट के मामले में इस सीजन में टीम की यह पहली गलती थी, जिसके कारण कप्तान शुभमन गिल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।”

अगली बार और भारी पड़ेगी गलती
आईपीएल के सख्त नियमों के मुताबिक, अगर गुजरात टाइटंस इस सीजन में दोबारा यही गलती दोहराती है, तो सजा और भी कड़ी होगी: कप्तान पर 24 लाख रुपये का जुर्माना और टीम के अन्य खिलाड़ियों पर मैच फीस का कुछ हिस्सा या 12 लाख तक का जुर्माना।

अंतिम गेंद तक बढ़ा रहा रोमांच
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रनों का स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की ओर से केएल राहुल (92) ने शानदार पारी खेली। अंत में डेविड मिलर ने तूफानी बल्लेबाजी कर दिल्ली को जीत के करीब पहुंचा दिया था, लेकिन अंतिम गेंद पर वो टीम को पार नहीं लगा सके।
गुजरात की ओर से राशिद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 17 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनकी इस गेंदबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।