आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ‘सुपर-8’ चरण का अहम मुकाबला आज खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत की टक्कर दक्षिण अफ्रीका से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि टीम इंडिया खिताब की प्रबल दावेदार है और आज दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपने दावे को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।ईशान किशन का प्लेइंग इलेवन में उतरना लगभग तय माना जा रहा है। मौजूदा टूर्नामेंट में वह शानदार लय में नजर आए हैं और आक्रामक अंदाज से टीम को तेज शुरुआत दिला रहे हैं। दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा का फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। वह अब तक टूर्नामेंट में खाता भी नहीं खोल पाए हैं। हालांकि हालिया मुकाबलों में उनकी बल्लेबाजी में जो आत्मविश्वास झलका है, उसे देखते हुए टीम प्रबंधन और कप्तान शायद ही उन्हें बाहर रखने का जोखिम उठाएं।
मध्यक्रम की जिम्मेदारी
मध्यक्रम की कमान तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह के कंधों पर रहेगी। ये तीनों बल्लेबाज किसी भी परिस्थिति में पारी को संभालने और तेजी देने की क्षमता रखते हैं। खास बात यह है कि तीनों ही खिलाड़ी इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं, जो टीम के लिए बड़ा सकारात्मक संकेत है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
1 अभिषेक शर्मा, 2 ईशान किशन (विकेटकीपर), 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 हार्दिक पंड्या, 6 रिंकू सिंह, 7 शिवम दुबे, 8 अक्षर पटेल, 9 अर्शदीप सिंह, 10 जसप्रीत बुमराह और 11 वरुण चक्रवर्ती
दक्षिण अफ्रीका की संभावित प्लेइंग इलेवन
1 एडेन मार्कराम (कप्तान), 2 क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), 3 रयान रिकेलटन, 4 डेवाल्ड ब्रेविस, 5 ट्रिस्टन स्टब्स, 6 डेविड मिलर, 7 मार्को जानसन, 8 कॉर्बिन बॉश, 9 केशव महाराज, कगिसो रबाडा/एनरिक नॉर्टजे और 11 लुंगी एनगिडी.