Latest News

वाराणसी में गंगा का रौद्र रूप, मणिकर्णिका की छतों पर जल रहीं चिताएं; अंतिम संस्कार के लिए करना पड़ रहा लंबा इंतजार

वाराणसी: गंगा के बढ़ते जलस्तर ने वाराणसी में हालात मुश्किल कर दिए हैं। शनिवार को भी नदी के जलस्तर में रुक-रुककर बढ़ाव जारी रहा, जिसके चलते शहर के प्रमुख घाटों की सीढ़ियां लगातार पानी में डूबती जा रही हैं। मणिकर्णिका महाश्मशान में हालात सबसे ज्यादा गंभीर हैं, जहां बीते गुरुवार से छतों पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सीमित जगह के कारण एक समय में अधिकतम आठ चिताएं ही जल पा रही हैं, जिससे शवयात्रियों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

गंगा का पानी अब मणिकर्णिका घाट तक पहुंचने वाली गलियों में भी बढ़ गया है। हरिश्चंद्र घाट पर भी अंतिम संस्कार के लिए जगह कम पड़ने लगी है और गलियों व सड़क पर शवदाह की स्थिति बन गई है। इससे आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दूसरी ओर, गंगा किनारे के ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों तक बाढ़ का पानी फैलने से किसानों की चिंता भी बढ़ रही है।

मणिकर्णिका में छतों पर जल रहीं चिताएं, बढ़ा इंतजार

गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण मणिकर्णिका घाट का महाश्मशान बाढ़ की चपेट में है। यहां गुरुवार से छतों पर चिताएं जलाई जा रही हैं। छत पर सीमित स्थान होने के कारण एक बार में केवल आठ चिताएं ही जलाई जा सकती हैं। ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।

घाट तक पहुंचने वाली गली में भी बाढ़ का पानी बढ़ रहा है। इस बीच अंतिम संस्कार में इस्तेमाल होने वाली लकड़ियों की कीमतें भी बढ़ गई हैं।

हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सड़क तक पहुंचा शवदाह

गंगा का पानी बढ़ने से हरिश्चंद्र घाट पर भी सामान्य तरीके से अंतिम संस्कार करना मुश्किल हो गया है। यहां गलियों और सड़क तक शवदाह की स्थिति बन गई है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन समेत कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अस्सी घाट पर सुबह-ए-बनारस का मंच भी पानी में डूब गया है। मंच के अंदर बने प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए अब नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।

दशाश्वमेध की गंगा आरती छत से, घाटों पर पुलिस की निगरानी

पुराने अस्सी घाट की तरफ भी पानी सड़क की ओर लगातार बढ़ रहा है। गंगा के बढ़ाव को देखते हुए नमो घाट पर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाए जाने की संभावना है।

दशाश्वमेध घाट की दैनिक शाम की गंगा आरती अब छत पर कराई जा रही है। श्रद्धालु और स्थानीय लोग गली में खड़े होकर आरती देख रहे हैं। वहीं, बाढ़ का पानी देखने और घाटों पर सेल्फी लेने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। इसे देखते हुए पुलिस ने घाटों पर निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।

जल पुलिस चौकी भी पानी में डूबी, दूसरी जगह बनाई अस्थायी चौकी

दशाश्वमेध घाट स्थित जल पुलिस चौकी में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। इसके बाद पुलिस ने पास के मानमंदिर घाट पर अस्थायी चौकी बना दी है।

रोहनिया क्षेत्र के बेटावर में नाले के रास्ते बाढ़ का पानी गांव के निचले हिस्सों और करसड़ा कूड़ा प्लांट के पूर्वी छोर तक पहुंचने लगा है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन अगर पानी एक से दो फीट और बढ़ा तो धान की फसल और सब्जियों को नुकसान पहुंच सकता है।

वरुणा किनारे सैकड़ों घरों में घुसा पानी

वरुणा नदी के किनारे बसे सैकड़ों मकानों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। प्रभावित परिवारों ने जरूरी सामान पहली मंजिल पर रखना शुरू कर दिया है और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। कुछ लोगों ने अपना सामान ऊंचे स्थानों पर रहने वाले रिश्तेदारों के घरों में भी पहुंचा दिया है।

सलारपुर की चमेलिया बस्ती, डिपो कॉलोनी और सलारपुर नाले के आसपास भी कई घरों में पानी घुस चुका है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

vineet verma

Recent Posts

गोमती का बढ़ा जलस्तर, लखनऊ के रिहायशी इलाकों में घुसा पानी; 90 नावें उतरीं, 35 परिवार सुरक्षित जगह पहुंचाए गए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कई रिहायशी…

1 hour ago

मेरठ में बंदरों का ऐसा आतंक कि लोग खुद बन गए ‘बंदर’, मुखौटे लगाकर कमिश्नरी पहुंचे और प्रशासन से लगा दी गुहार

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान लोगों ने बुधवार…

1 hour ago

शादी के बाद पत्नी को चिड़ियाघर घुमाने ले गया पति, बाइक पार्क करने गया तो पीछे से हो गया बड़ा खेल!

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से शादी के बाद सामने आया एक हैरान करने वाला…

2 hours ago

बाबर आजम नंबर 1, रोहित-विराट टॉप-3 से बाहर; T20I में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों में सिर्फ 2 भारतीय

नई दिल्ली: टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पाकिस्तान…

2 hours ago