सोशल मीडिया पर देवी देवता के खिलाफ आपत्तिजनक कंटेंट का इस्तेमाल करने के मामले में मिर्जापुर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजवीर सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने गाने के मास्टरमाइंड और 25 हज़ार के इनामी बदमाश राजवीर सिंह यादव समेत दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया. तीनों पर पहले से ही 25-25 हज़ार का इनाम घोषित था.
कौन हैं राजवीर सिंह यादव?
जांच में सामने आया है कि इस विवादित गाने का फाइनेंसर राजवीर सिंह यादव था. पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर राजवीर को ऐसे गाने बनाने के लिए पैसा कौन देता था. माना जा रहा है कि इस गाने के पीछे और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं, जिनके नाम धीरे-धीरे बेनकाब होंगे. पुलिस की टीम गहराई से जांच कर रही है.
गायिका और उसके पति का धर्म परिवर्तन
इससे पहले गिरफ्तार हो चुकी बिरहा गायिका सरोज सरगम के बारे में यह भी जानकारी मिली है कि वह अपने पति के साथ करीब 10 महीने पहले ईसाई धर्म में कन्वर्ट हो चुकी हैं. सरोज सरगम पिछले तीन साल से गाने गा रही थीं.
पुलिस की जांच में सामने आया है कि वीडियो पोस्ट करने के बाद जो भी दर्शक इसे देखते थे, उन्हें चैनल की ओर से पैसे मिलते थे. इस पूरे सोशल मीडिया संचालन को सोनू नाम का व्यक्ति संभाल रहा था. वहीं, वीडियो की एडिटिंग का काम शशांक प्रजापति करता था, जिनका स्टूडियो प्रयागराज में स्थित है. पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि पूरे इस ऑपरेशन को राजवीर सिंह यादव मैनेज करता था.