गोवा के उत्तर जिले के अर्पोरा क्षेत्र में स्थित एक लोकप्रिय नाइटक्लब Birch by Romeo Lane’ नाइट क्लब में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में 25 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं करीब 50 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, गोवा के बागा इलाके में स्थित एक नाइट क्लब में लगी भयावह आग का वीडियो भी सामने आया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि डांस फ्लोर पर संगीत बज रहा था और लोग नाच रहे थे, तभी अचानक आग लगती हुई नजर आई।
इसके बाद पूरा माहौल बदल गया और लोग दहशत में इधर-उधर भागते हुए दिखे। यह दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में 4 पर्यटक, 14 स्टाफ मेंबर शामिल हैं, जबकि 7 लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि अब भी कुछ लोग और क्लब के कर्मचारी अंदर फंसे हो सकते हैं।
पहली जांच में आग लगने का कारण गैस सिलिंडर विस्फोट बताया जा रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार का बड़ा धमाका नहीं सुना। ऐसे में आग की असली वजह को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कुछ अधिकारियों का मानना है कि आग का फैलाव देखने से यह एलपीजी सिलिंडर ब्लास्ट जैसी स्थिति प्रतीत होती है, लेकिन पटाखों या सेलिब्रेशन से आग भड़कने की संभावना भी जांच के दायरे में है।
सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने भी स्थिति पर करीबी निगरानी बनाए रखने और तेजी से राहत कार्य सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं