उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर और ज्यादा खतरनाक होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिससे 19-20 जनवरी को पश्चिमी यूपी में बारिश होगी. भयंकर शीतलहर के चलते घना कोहरा और गलन बनी रहेगी। हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है। सुबह और रात के समय घने से अत्यंत घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कई इलाकों में शून्य के करीब पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में यह मौसम जनजीवन और यातायात दोनों पर भारी असर डाल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा। इस दौरान कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के साथ ठंड और बढ़ने के आसार हैं। हालांकि, फिलहाल मौसम विभाग ने प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान जताया है, लेकिन घने से अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।

शनिवार को भी घना कोहरा लोगों की आवाजाही में परेशानी पैदा कर सकता है। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रहने की संभावना है, कुछ जगहों पर तो विजिबिलिटी जीरो मीटर तक पहुंच सकती है। इसी को देखते हुए सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोरखपुर, बस्ती, अंबेडकर नगर सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, लखनऊ और आसपास के जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
ठंड और शीतलहर के बीच दिल्ली के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. देश की राजधानी में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानों में देरी हुई है. दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है. जिसनें यात्रियों से फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की अपील की गई है.
राजधानी लखनऊ में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। भले ही विजिबिलिटी पर ज्यादा असर न पड़ा हो, लेकिन धुंध के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। नोएडा और गाजियाबाद में सर्द हवाओं के चलते गलन बढ़ी हुई है। बीते एक हफ्ते से पश्चिमी यूपी में हालात लगभग ऐसे ही बने हुए हैं।

बीते 24 घंटों में हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है।
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में ठंड और कोहरे ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।