डिजिटल इंडिया के दौर में आधार कार्ड हमारी पहचान का सबसे अहम दस्तावेज बन चुका है। बैंकिंग, मोबाइल कनेक्शन, सरकारी योजनाओं से लेकर फाइनेंशियल सर्विसेज तक हर जगह आधार का इस्तेमाल हो रहा है। लेकिन इसी के साथ आधार से जुड़े फ्रॉड और फर्जी लोन के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। कई लोग बिना जानकारी के अपने नाम पर चल रहे लोन का शिकार हो जाते हैं और उन्हें तब पता चलता है जब बैंक से रिकवरी कॉल, नोटिस या खराब क्रेडिट स्कोर का सामना करना पड़ता है।
गनीमत है ये बात की आप घर बैठे, सिर्फ अपने मोबाइल फोन से यह जांच कर सकते हैं कि आपके नाम पर कोई लोन तो नहीं चल रहा। समय रहते जांच और शिकायत आपको बड़ी आर्थिक परेशानी से बचा सकती है।
आधार के ज़रिये बढ़ रहा फर्जी लोन का खतरा
आधार कार्ड आज लगभग हर जरूरी सेवा से जुड़ा हुआ है। अगर किसी ने आपकी आधार डिटेल्स, फोटो कॉपी या OTP का गलत इस्तेमाल कर लिया, तो वह आपके नाम पर लोन ले सकता है। कई बार लोग अनजान वेबसाइट्स या एजेंट्स को आधार की जानकारी दे देते हैं, जिसका फायदा ठग उठाते हैं। इस तरह के फ्रॉड का असर सीधे आपके क्रेडिट स्कोर और बैंकिंग रिकॉर्ड पर पड़ता है।
क्रेडिट रिपोर्ट से ऐसे करें फर्जी लोन की पहचान
अपने नाम पर कोई लोन है या नहीं, यह जानने का सबसे सटीक तरीका आपकी क्रेडिट रिपोर्ट है। आप CIBIL, Experian या Equifax जैसी क्रेडिट एजेंसियों की वेबसाइट पर जाकर फ्री में अपनी रिपोर्ट चेक कर सकते हैं। www.cibil.com पर पैन कार्ड, आधार नंबर और बेसिक जानकारी डालने के बाद आपकी पूरी क्रेडिट हिस्ट्री सामने आ जाती है। इसमें सभी लोन, क्रेडिट कार्ड और भुगतान का रिकॉर्ड दिखता है। अगर कोई ऐसा लोन नजर आए जो आपने नहीं लिया, तो सतर्क हो जाएं।
बैंक और आधार से लोन स्टेटस कैसे देखें
कई बैंक और NBFC अपने ग्राहकों को मोबाइल ऐप या वेबसाइट के जरिए आधार से जुड़े लोन की जानकारी देखने की सुविधा देते हैं। इसके लिए बैंक के ऐप पर लॉगिन करें, आधार नंबर डालें और OTP से वेरिफिकेशन पूरा करें। इसके बाद आपके नाम से जुड़े सभी लोन की डिटेल दिखाई दे जाएगी। किसी भी अनजान एंट्री को नजरअंदाज न करें।
फर्जी लोन मिलने पर कहां करें शिकायत
अगर आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में फर्जी लोन दिखाई देता है, तो तुरंत कार्रवाई करें। आप RBI के आधिकारिक पोर्टल https://sachet.rbi.org.in पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके साथ ही नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम सेल में भी रिपोर्ट करना जरूरी है। समय पर शिकायत करने से आपका क्रेडिट रिकॉर्ड सुरक्षित रह सकता है।
आधार की सुरक्षा ही है सबसे बड़ा बचाव
अपने आधार नंबर, OTP और डिटेल्स को बिना जरूरत किसी के साथ साझा न करें। केवल भरोसेमंद वेबसाइट और ऐप का ही इस्तेमाल करें। समय-समय पर क्रेडिट रिपोर्ट चेक करते रहना आपकी वित्तीय सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। डिजिटल दौर में थोड़ी सी सतर्कता आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है।