चेन्नई: तमिलनाडु की राजधानी Chennai के ब्रॉडवे इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने ऑटोरिक्शा से गुजरते समय एक महिला पर पेशाब कर दिया। इस हरकत से गुस्साई भीड़ ने उसकी इतनी पिटाई कर दी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान कलैसेलवन (30) के रूप में हुई है, जो तिरुपलीकाने इलाके का रहने वाला था और लोड वैन ड्राइवर के तौर पर काम करता था। बुधवार सुबह वह अपने दोस्त बालाजी के साथ ऑटोरिक्शा में सवार होकर Prakasam Salai से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि कलैसेलवन नशे में था और चलते ऑटो से ही पेशाब करने लगा। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिला पर पेशाब के छींटे पड़ गए, जिससे उसके कपड़े गंदे हो गए।
महिला ने इस पर विरोध जताया तो कलैसेलवन और उसके दोस्त के साथ उसकी कहासुनी हो गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग भी वहां पहुंच गए और महिला का पक्ष लेते हुए दोनों पर हमला कर दिया। गुस्साई भीड़ ने कलैसेलवन को बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। बाद में उसे तुरंत Stanley Government Hospital ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका दोस्त बालाजी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद भीड़ मौके से भाग गई। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में तीन लोगों – मोहम्मद पठा (19), अब्दुल बशित (24) और अब्दुल बाहीन (25) – को हिरासत में लिए जाने की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इधर कलैसेलवन के परिवार ने शव लेने से फिलहाल इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं लेंगे। परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।