बेंगलुरु। देश के दक्षिणी राज्य कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है।शहर के मशहूर संध्या थिएटर में महिलाओं और युवतियों ने एक बड़ा आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। उनके अनुसार, थिएटर के लेडीज टॉयलेट में एक कैमरा लगाया गया था। पूरा मामला मडिवाला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में बताया जा रहा है।
महिलाओं ने इसका पर्दाफाश करते हुए बताया कि जब वे वॉशरूम गई थीं, तब उनकी नजर कैमरे पर पड़ी। जैसे ही उन्होंने कैमरा देखा, उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत शोर मचाया और मदद के लिए आवाज लगाई।
जैसे ही लोगों को इस बारे में पता चला, वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
यह घटना तब सामने आई जब थिएटर में तेलुगु फिल्म ‘Nuvvu Naaku Nachav’ का री-रिलीज़ शो चल रहा था। मडिवाला पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि कैमरा किस मकसद से लगाया गया था और क्या इसके जरिए कोई रिकॉर्डिंग हुई है।