Trending News

सहारनपुर मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन को लेकर अखिलेश का बड़ा सवाल, बोले- इतनी जल्दी क्या थी? ’12 घंटे में कार्रवाई होगी तो न्याय कैसे मिलेगा’

औरैया: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। रविवार को औरैया के बिधूना में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार संविधान और कानून के मुताबिक काम नहीं कर रही है और हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

अखिलेश यादव ने सहारनपुर की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी पक्ष को हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट जाने का अवसर ही नहीं दिया जाएगा और 12 घंटे में कार्रवाई कर दी जाएगी, तो न्याय कैसे मिलेगा। उन्होंने पूछा कि मस्जिद गिराने की इतनी जल्दी क्या थी।

‘भाजपा सौहार्द विरोधी, लोग कार्रवाई से दुखी’

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई से लोग दुखी हैं और फिलहाल चुप हैं, लेकिन यही लोग मिलकर सांप्रदायिक भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि सच्चा सनातनी, संत और हिंदू कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता। भारत की परंपरा में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री विदेशों में इसकी बात करते हैं, जबकि भाजपा देश और प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रही है।

रोजगार, महंगाई और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार पर रोजगार, महंगाई और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न रोजगार दे पा रही है, न महंगाई कम कर रही है और न ही कानून-व्यवस्था संभाल पा रही है।

अखिलेश ने प्रदेश की सड़कों और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे टूट रहे हैं, सड़कों पर गड्ढे हैं और बजट की लूट हो रही है। पुलिस पर अन्याय करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉयल-100 व्यवस्था को भी बर्बाद कर दिया।

जीडीपी के आंकड़ों पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने सरकार की आर्थिक स्थिति को लेकर जारी किए जा रहे जीडीपी के आंकड़ों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने बेरोजगारी, महंगे डीजल-पेट्रोल, चीनी की बढ़ती कीमत और किसानों को खाद-बीज नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर जमीनी स्थिति ऐसी है तो सरकार के बताए जीडीपी आंकड़ों पर भरोसा कैसे किया जाए।

उन्होंने भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि उनके वीडियो को लेकर लोग कारण जानना चाहते हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों के खातों में करोड़ों रुपये आने की खबरें भी सामने आ रही हैं।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर हमला

सपा प्रमुख ने महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ घटनाएं हो रही हैं और कई जगह पुलिस के भी अपराध में शामिल होने की बातें सामने आती हैं।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और भाजपा सरकार के 100 दिन से ज्यादा नहीं बचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के अंतिम दिनों में भुगतान और कमीशन का खेल चल रहा है।

‘एआई से विपक्ष के खिलाफ गंदगी फैला रही भाजपा’

अखिलेश ने भाजपा पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जरिए विपक्ष के खिलाफ गलत और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इसका जवाब देना जानती है।

उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर और पूर्ववर्ती सरकारों ने समाज की तरक्की के लिए शिक्षा को बढ़ावा दिया था, जबकि भाजपा सरकार स्कूल बंद कर रही है।

vineet verma

Recent Posts

मेंहदावल में सपा का PDA सम्मेलन: बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र, जयराम पांडेय बोले- भाजपा के बूथ अध्यक्षों को भी साथ जोड़ेंगे

संत कबीर नगर: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर…

1 hour ago