महिला विश्व कप के खिताबी मुकाबले में कल रात भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से पराजित कर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने पहली बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की है. पूरे देश में इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया जा रहा है.
इससे पहले भारतीय टीम 2005 और 2017 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी. इस बार हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया. इस जीत के साथ हरमनप्रीत कौर कपिल देव (1983) और महेंद्र सिंह धोनी (2011) के बाद वर्ल्ड कप जिताने वाली देश की तीसरी कप्तान बन गई हैं.
भारत की इस जीत के बाद फैंस के मन में अब एक ही सवाल है. क्या महिला टीम की विक्ट्री परेड भी होगी? इस पर बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने बड़ा अपडेट दिया है.
गौरतलब है कि 2007 और 2024 टी-20 विश्व कप जीतने के बाद मुंबई में पुरुष टीम के लिए भव्य विक्ट्री परेड आयोजित की गई थी.अब महिला टीम की जीत के बाद भी फैंस ऐसी ही भव्य परेड की उम्मीद कर रहे हैं.
हालांकि, बीसीसीआई ने फिलहाल किसी विक्ट्री परेड की आधिकारिक योजना को अंतिम रूप नहीं दिया है. बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को बताया कि “फिलहाल विक्ट्री परेड जैसी कोई योजना तय नहीं की गई है.मैं आईसीसी मीटिंग में शामिल होने के लिए दुबई जा रहा हूं, और कई अन्य अधिकारी भी वहीं होंगे। जब हम लौटेंगे, तब इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा. बोर्ड सूत्रों के अनुसार, आईसीसी की 4 से 7 नवंबर तक होने वाली बैठकों के बाद ही जश्न की अंतिम योजना तैयार की जा सकती है.